लखनऊ
निराश्रित गोवंशों को हरा चारा उपलब्ध कराने एवं चारागाह की भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने नेपियर घास लगाने का निर्णय लिया है। सरकार 45 दिनों का अभियान चलाकर चारागाह की जमीन पर नेपियर घास लगाएगी। ऐसा पहली बार होने जा रहा है। इसको लेकर सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर दिये गये हैं। योगी सरकार ने यह निर्णय गर्मियों के आते ही हरा चारे की उपलब्धता में आने वाली कमी को पूरा करने, ऑफ सीजन में भूसे के बढ़ते दामों से निजान पाने एवं निराश्रित गोवंशों को स्वस्थ्य रखने के लिए लिया है।
डीएम उपलब्ध कराएंगे नेपियर की डंठल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पशुपालन विभाग प्रदेश भर में चारागाह की जमीन पर 11 जुलाई से नेपियर घास लगाने का अभियान शुरू करेगा। यह अभियान 45 दिन तक चलेगा और 25 अगस्त को इसका समपन होगा। अभियान को लेकर सभी जिलों के जिलाधिकारियों को चारागाह की जमीन के निरीक्षण के निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
मंडल की कमान संभालेंगे एसीएस से लेकर एडिशनल डायरेक्टर
पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश की चारागाह की जमीन पर पहली बार नेपियर घास लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे प्रदेश में हरे चारे की समस्या तो दूर होगी ही, साथ में निराश्रित गोवंशों के चारे में नेपियर घास को शामिल करने से उन्हे पोषण भी मिलेगा।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि नेपियर घास को लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के लिए विभाग के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे से लेकर एडिशनल डायरेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो मंडल स्तर पर स्थिति का जायजा लेंगे और आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

