गोंडा
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खोडारे थाना क्षेत्र की एक शराब की दुकान के सेल्समैन को मंगलवार देररात घर आते समय रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजन व अन्य लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत के कारण लखनऊ रेफर कर दिया गया।
खोडारे थाना क्षेत्र के बगदर ग्रंट बाजार में स्थित एक शराब की दुकान पर मुकेश कुमार व मायाराम दोनों सगे भाई निवासी केशव नगर ग्रंट पूर्वी के मजरा उल्लाह सेल्समैन का काम कर रहे थे। मंगलवार रात करीब 10:00 बजे मायाराम दुकान से पहले घर के लिए निकल गया। उसका भाई मुकेश कुमार कुछ देर बाद घर के लिए निकला। घारीघाट केशव नगर मार्ग पर करीब 500 मीटर चलने पर एक सुनसान जगह पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया और मुकेश कुमार उम्र 32 वर्ष को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से आसपास रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी लोगों ने पुलिस व घायल के परिजन को दी।
परिजनों ने आनन-फानन सीएचसी बभनजोत पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर गोंडा के लिए रेफर कर दिया। स्थिति गंभीर होने के कारण गोंडा से घायल को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी विद्यासागर पांडेय ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है तथा प्रकरण में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

