ऋषभ पंत की इन 3 चीजों ने वेस्टइंडीज में लगाया ईशान किशन का बेड़ा पार, कर दिया ये कमाल

खेल

नई दिल्ली

टीम इंडिया के टेस्ट के मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कार एक्सीडेंट के बाद क्रिकेट की दुनिया से दूर हैं। इस बीच भारतीय टीम को रेड बॉल क्रिकेट में उनकी कमी खली है। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में एक बार को ऐसा लगा, जैसे ऋषभ पंत वापस आ गए हैं। जी हां, अगर किसी ने देर रात जगकर भारतीय विकेटकीपर ईशान किशन की बल्लेबाजी देखी होगी तो ऐसा ही महसूस हुआ होगा। हालांकि, ईशान किशन के ऐसा करने में भी ऋषभ पंत का ही हाथ है। पंत की तीन चीजों की बदौलत ईशान किशन तूफानी बल्लेबाजी कर सके।

दरअसल, ईशान किशन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में डेब्यू किया, लेकिन दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में वे कमाल नहीं कर सके। यहां तक कि दूसरे मैच की पहली पारी में भी वे जल्दी आउट हो गए, लेकिन दूसरे मैच की दूसरी पारी में उन्होंने ऋषभ पंत की तीन चीजों को अपनाया और तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। ईशान किशन ने ऋषभ पंत की सलाह मानी, उनका स्टाइल अपनाया और उनका बल्ला भी यूज किया। यही कारण था कि मानो ईशान में पंत की आत्मा प्रवेश कर गई और उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दीं।

ईशान किशन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 33 गेंदों में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। वे 34 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस मैच में ईशान पंत के बल्ले से खेले, जिस पर RP17 लिखा था। ईशान ने पंत की स्टाइल अपनाई, क्योंकि अक्सर पंत ही एक हाथ से छक्के लगाते नजर आते थे और अब ईशान किशन ने भी ऐसा ही कुछ करिश्मा कर दिखाया। इसके अलावा पंत ने उनको बल्लेबाजी को लेकर कुछ सलाह एनसीए में दी थी, जिसका जिक्र उन्होंने होस्ट ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए किया। पंत कब लौटेंगे मैदान पर, किसी को पता नहीं है।

बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन ने चौथे दिन के खेल के बाद कहा, "मैं इस दौरे से पहले एनसीए में था। पंत भी वहां थे। वह जानते हैं कि मैं कैसे खेलता हूं। हम एक-दूसरे को अंडर-19 दिनों से जानते हैं। मैं यह भी चाहता था कि कोई मुझे सलाह दे और सौभाग्य से वह मुझे मेरे बल्ले की पोजिशनिंग के बारे में कुछ बताने के लिए वहां मौजूद थे।" ऋषभ पंत इस समय बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी एनसीए में अपने रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। कार एक्सीडेंट में चोटिल होने के बाद उन्होंने अच्छी रिकवरी हासिल की है।  

टेस्ट पारी में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट
भारतीय टीम के लिए एक टेस्ट पारी में सबसे तेज रन बनाने वालों की लिस्ट में ईशान किशन भी शामिल हो गए हैं। कम से कम 50 रन बनाकर वे कपिल देव, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर के बाद चौथे नंबर पर हैं। हालांकि, टेस्ट मैच में एक विकेटकीपर के रूप में तेज गति से रन बनाने के मामले में वे तीसरे बल्लेबाज हैं। 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry