कवर्धा
धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर के खुलने से अब आम नागरिकों को मंहगी दवाईयों से राहत मिलने लगी है। छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर धनवंतरी जेनरिक मेडिकल के प्रारंभ होने से सस्ती दर पर मिल रही गुणवत्तापूर्ण दवाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है। गरीब वर्ग जहां महंगी दवाई खरीदने में अपने पैसे की बचत नहीं कर पाते थे। इससे अब निजात मिली है। मेडिकल स्टोर में दवाईयां निजी मेडिकल स्टोर एवं बाजार में मिलने वाली दवाओं की कीमत की तुलना में 50 से 70 प्रतिशत से भी कम मूल्य पर मिलती है।
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने बताया कि राज्य शासन द्वारा श्री धन्वंतरी जेनेरिक दवाई दुकान का शुभारंभ किया गया है। जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स में 300 से अधिक मेडिसिन, सनफॉरमा, सिप्ला, मेनकाइन्ड, डॉक्टर रेडडी इत्यादि, सर्जिकल आइटम, छत्तीसगढ़ हर्बल प्रोडक्ट उपलब्ध हैं। जिले में अब तक 85 लाख 95 हजार 429 रूपए की दवाई का विक्रय किया गया है। जिसका एमआरपी मूल्य 02 करोड़ 18 लाख 15 हजार 756 रूपए है। इस योजना के तहत 29 हजार 250 हितग्राही लाभान्वित हुए है। इससे हितग्राहियों को 1 करोड़ 32 लाख 20 हजार 327 रूपए की बचत हुई है। कबीरधाम जिले के 6 नगरीय निकायों में धनवंतरी मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सस्ते दाम पर दवाइयां उपलब्ध हो रही है। संचालित मेडिकल स्टोर में सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लड प्रेशर जैसी आम बीमारियों के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की जेनेरिक दवाएं, एंटीबायोटिक, सर्जिकल आइटम, वन विभाग के संजीवनी के उत्पाद, सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद और शिशु आहार भी उपलब्ध है। कवर्धा सहित नगर पंचायत बोड़ला, पाण्डातराई, पंडरिया, सहसपुर लोहारा और पिपरिया में भी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

