कार्यकर्ताओं को चुनावी चुनौतियां हैंडल करने के टिप्स देगी BJP

राजनीती

भोपाल

चुनावी दौर में चुनाव प्रबंधन और चुनाव संचालन समितियों के गठन की प्रक्रिया के बीच बीजेपी अब प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन करने जा रही है। इन वृहद सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को बूस्टअप करने का काम किया जाएगा। उन्हें चुनावी चुनौतियों से निबटने और पार्टी कार्यक्रमों पर एक्शन के लिए तैयार करने का काम पार्टी इन सम्मेलनों के जरिये करेगी।

प्रदेश भर में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विशेष महासंपर्क अभियान के बाद अब भाजपा ने पार्टी जिला अध्यक्षों को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा है कि हर जिले में विधानसभा स्तर पर सम्मेलन कराएं। इन सम्मेलनों में बूथ अध्यक्ष, बूथ टोली, शक्ति केंद्र प्रभारी और उनकी टोली, क्लस्टर प्रभारी और टोली के अलावा पन्ना प्रभारी और उनकी टोलियों को शामिल किया जाएगा। हर सम्मेलन में चार हजार से पांच हजार तक कार्यकर्ताओं को जुटाने के बाद उन्हें प्रदेश स्तर से भेजे गए अच्छे व वरिष्ठ वक्ताओं के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया के लिए तैयार होने के लिए संबोधित कराया जाएगा। बताया जाता है कि इन सम्मेलनों के माध्यम से चुनावी रणभेरी बजाने और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से बूथ स्तर पर एक्टिव होने के लिए कहा जाएगा जिसमें संपर्क, संवाद और सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया जाना है।

पूर्व विधायक, पूर्व सांसद बनेंगे जिलों में चुनाव प्रभारी
बीजेपी प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह चुनाव प्रभारी की तर्ज पर जिलों और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी बनाने की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी दूसरे जिलों के पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को जिला प्रभारी बनाए जाने की जिम्मेदारी सौंप सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह नियुक्तियां अगले एक दो दिनों में हो जाएंगी और चुनाव प्रभारियों को जिलों में प्रवास और संवाद के लिए भेजा जाएगा।

विस्तारक दे रहे फीडबैक
उधर पार्टी संभागीय और जिला प्रभारियों के साथ विधायकों और आकांक्षी विधानसभा का फीडबैक लेने के लिए विस्तारकों का भी पूरा उपयोग कर रही है। विधानसभा विस्तारक अपने क्षेत्र की बूथ और शक्ति केंद्र इकाइयों के साथ संवाद और संपर्क के माध्यम से जुड़े हैं और वहां से मिलने वाले फीडबैक से प्रदेश संगठन को अवगत करा रहे हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry