सीमा हैदर के लिए क्यों अक्षय कुमार और आलिया भट्ट की दलील, अदनान सामी का भी जिक्र

देश

नई दिल्ली

सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन के वकील एपी सिंह ने फिल्मी हस्तियों को आधार बनाकर सीमा को भारत की नागरिकता दिलाने की कोशिश शुरू की है। उनका कहना कि अगर कनाडा की नागरिकता हासिल करने के बाद फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार और ब्रिटेन की नागरिक आलिया भट्ट भारत में रह सकती हैं तो सीमा को लेकर भेदभाव क्यों है।

वकील एपी सिंह ने आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ से विशेष बातचीत में कहा कि बीते पांच वर्षों में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश छोड़ने के बाद सैकड़ों लोगों ने भारत की नागरिकता हासिल की है। जरूरत पड़ने पर वह इसकी सूची गृह मंत्रालय और जांच एजेंसियों को सौंप सकते हैं। उन्होंने गायक अदनान सामी के नाम का भी जिक्र किया है। वकील ने अवैध रूप से भारत आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर को बहन कहते हुए बताया कि अगर इस मामले को उन्हें अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में ले जाना पड़ा तो वह ले जाएंगे और सीमा को न्याय दिलाएंगे। हालांकि, उन्होंने न्यायालय और संबंधित एजेंसियों की जांच पर पूरा यकीन होने की बात कही। उन्होंने सीमा और सचिन की जोड़ी की तुलना हीर-रांझा, शीरी-फरहाद और रोमियो-जूलियट से की है।

केस नहीं बनने का भी तर्क दिया
वकील एपी सिंह बताते हैं कि सीमा पाकिस्तान से दुबई और वहां से नेपाल वीजा और पासपोर्ट के सहारे आई। नेपाल से भारत आने का वीजा नहीं लगता और सीमा तो सचिन की पत्नी बनकर रबूपुरा आई। ऐसे में उस पर कोई केस बनता ही नहीं। सीमा ने दो साल पहले ही हिंदू बनने और करवा चौथ का व्रत रखना भी स्वीकारा है। वह भारत की अब नागरिक है और उसे किसी भी कीमत पर पाकिस्तान नहीं भेजा जा सकता। वकील ने कहा कि उन्होंने सचिन और सीमा को किसी भी जांच एजेंसी की पूछताछ में सच बोलने की सलाह दी है।

गैर कानूनी तरीके से आना नागरिकता में अड़चन
नोएडा स्थित आजाद लीगल कंसल्टेंसी की संचालक और वरिष्ठ अधिवक्ता नेहा आजाद ने कहा कि भारत में नागरिकता दिए जाने के नियम हैं। सीमा हैदर के मामले में सबसे बड़ी अड़चन यह है कि वह गैर कानूनी तरीके से यहां पर आई। अगर वह कानून तरीके से आई होती और सही तरीके से उसने किसी भारतीय पुरुष से शादी की होती तो उसकी नागरिकता की राह आसान होती। नियमों के तहत अगर कोई भारतीय किसी विदेशी महिला से शादी करता है या भारतीय लड़की किसी विदेशी लड़के से शादी करती है तो वह विदेशी लड़की या लड़का भारत में नागरिकता पाने के लिए आवेदन कर सकता है।

जांच रिपोर्ट पर निगाह
विभिन्न एजेंसियों की पूछताछ की रिपोर्ट आने का इंतजार अब पूरा देश कर रहा है। लोगों की निगाहें अब एजेंसियों की फाइनल रिपोर्ट पर टिकी है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry