नई दिल्ली
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की नौसेना ने द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास किया। अभ्यास में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आइएनएस विशाखापत्तनम और आइएनएस त्रिकंद ने भाग लिया।
दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना उद्देश्य
भारतीय नौसेना ने कहा कि दोनों नौसेनाओं के द्विपक्षीय समुद्री साझेदारी का उद्देश्य रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं पर क्रास प्रशिक्षण द्वारा दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल को बढ़ाना है। पश्चिमी बेड़े के फ्लैग आफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विनीत मैक्कार्टी की कमान के तहत दो जहाज आइएनएस विशाखापत्तनम और आइएनएस त्रिकंद, यूएई नौसेना के साथ द्विपक्षीय नौसेना समुद्री साझेदारी अभ्यास में भाग लेने के लिए गत आठ अगस्त को दुबई के पोर्ट रशीद पहुंचे।
आइएनएस विशाखापत्तनम की कमान कैप्टन अशोक राव के पास है। पूर्ण रूप से स्वदेशी युद्धपोत आइएनएस विशाखापत्तनम भारतीय नौसेना के सबसे बड़े आपरेशनल विध्वंसकों में से एक है। आइएनएस त्रिकंद की कमान कैप्टन प्रमोद जी थामस के पास है। 2013 में कमीशन किया गया यह एक उन्नत युद्धपोत है। इसके डिजाइन में अत्याधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

