नई दिल्ली
बीते 31 जुलाई को बिना जुर्माने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की डेडलाइन खत्म हो गई। आयकर विभाग ने बताया था कि आकलन वर्ष 2023-24 के लिए 31 जुलाई तक रिकॉर्ड 6.77 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किए गए, जिनमें 53.67 लाख पहली बार दाखिल करने वाले भी शामिल हैं। टैक्स रिटर्न फाइल करने वालों में महाराष्ट्र के करदाता सबसे आगे रहे।
टॉप 5 राज्य में कौन शामिल: भारतीय स्टेट बैंक की एक रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल शीर्ष 5 राज्य हैं, जहां के करदाता सबसे ज्यादा एक्टिव रहे। इन 5 राज्यों के करदाताओं की संख्या, आकलन वर्ष 2023-24 में दाखिल किए गए कुल रिटर्न का 48 प्रतिशत है। रिपोर्ट के मुताबिक आकलन वर्ष 2023 में 2022 के मुकाबले 64 लाख ज्यादा इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल किए गए हैं। रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि बड़ी संख्या में करदाताओं ने निम्न आय वर्ग को छोड़ दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक छोटे राज्य- मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड ने पिछले 9 वर्षों के दौरान दाखिल इनकम टैक्स रिटर्न में 20% से अधिक की वृद्धि दर्ज की है। एसबीआई की रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि करदाताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निम्न आय वर्ग से उच्च आय वर्ग की ओर स्थानांतरित हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक रिटर्न फाइलिंग के आधार पर AY14 में भारित औसत आय ₹4.4 लाख थी, जो अब बढ़कर ₹13 लाख हो गई है। 2047 में इसके बढ़कर ₹49.7 लाख होने की उम्मीद है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

