मजाक से शुरू बात हत्या पर खत्म, मोबाइल देने से मना करने पर पति ने की गोली मारकर पत्नी की हत्या

उत्तर प्रदेश राज्य

अलीगढ़
अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के सरस्वती विवार में बुधवार को पति ने पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पति मौके से फरार हो गया। मोबाइल को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ था। महिला छह दिन से सहेली के घर रह रही थी। वहीं,पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुट गई है। क्वार्सी के मोहल्ला बेगमबाग निवासी नितिन मित्तल सुरेन्द्र नगर में मोबाइल की दुकान करता है। परिवार मे दो बेटे हैं।

पुलिस के अनुसार छह दिन पहले पत्नी आरती मित्तल (30) अपनी सहेली गुंजन के घर सरस्वती विहार में आ गई थी। तब से वह यहीं रह रही थी। मोहल्ले में ही किराए पर कमरा तलाश कर रही थी। मंगलवार को नितिन भी कमरा तलाश करने पहुंच गया। शाम वह वहां से वापस आ गया। पत्नी व बच्चे सरस्वती विहार ही रह गए।

बुधवार की शाम नितिन फिर से सहेली के घर पहुंच गया। कुछ देर बैठने के बाद दंपति कमरे में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच मोबाइल को लेकर दंपति के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नितिन ने अंटी से तमंचा निकाल कर गोली मार दी। गोली आरती के सीने में जा लगी। इसके बाद दूसरी गोली सिर पर दाग दी। वारदात के बाद आरोपी नितिन तमंचा लहराते हुए मौके से भाग गया।

10 साल पहले की थी लव मैरिज
दस साल पहले आरती ने मोहल्ले के ही नितिन मित्तल से लव मैरिज की थी। तब से वह सुरेन्द्र नगर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। लव मैरिज करने पर आरती के परिजनों ने भी रिश्ता तोड़ लिया था। अब पिछले कई दिनों से दंपति के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था।

मजाक से शुरू हुई बात हत्या तक पहुंची
मृतक महिला के बेटे देवित ने पुलिस को बताया कि पापा जब आए थे तो मम्मी से बातचीत की। दोनों के बीच हंसी-मजाक भी हो रहा था। इसी बीच पापा ने जब मां से मोबाइल मांगा तो विवाद शुरू हो गया था। आरोपी नितिन काले रंग की स्कूटी लेकर आया था। आरोपी की तस्वीर भागते समय घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है। वारदात के बाद आरोपी नितिन तमंचा लहराते हुए मौके से भाग गया। खून से लथपथ आरती जमीन पर गिर गई। गोली की आवाज सुनकर सहेली गुंजन ने शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बच्चे घर में ट्यूशन पढ़ रहे थे हत्या के वक्त
जिस समय नितिन घर पर पहुंचा, उस समय सहेली गुंजन घर के आंगन में बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थी। घर में करीब 20 बच्चे मौजूद थे। जैसे ही बच्चों ने कमरे में एक के बाद एक गोली की आवाज सुनी तो बच्चे दहशत में आ गए। बच्चे घर से बाहर की ओर दौड़ लिए। घटना के बाद से बच्चों में दहशत है। सीओ सिटी, अभय पांडेय ने कहा कि पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की है। विवाद किस बात को लेकर हुआ। इन सभी पहलुओं पर अभी जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में टीम गठित कर दी गई हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry