जबलपुर
मध्य प्रदेश समेत 4 राज्यों में वांटेड 62 वर्षीय नक्सली को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। नक्सली पर कुल मिलकर 82 लाख का इनाम घोषित था। सूबे के एंटी टेरर स्क्वाड ने जबलपुर शहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि खूंखार नक्सली अबतक MP, तेलंगाना, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में 60 से अधिक आपराधिक वारदात को अंजाम दे चुका है।
मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना में बताया गया कि आरोपी नक्सली अशोक रेड्डी पर तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 82 लाख रुपये का सामूहिक इनाम था। खुफिया जानकारी के आधार पर गोलकुंडा (तेलंगाना) निवासी रेड्डी और नारायणपुर (छत्तीसगढ़) निवासी उसकी पत्नी रायमती उर्फ कुमारी पोटाई (43) को मंगलवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया 62 वर्षीय नक्सली रेड्डी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, दंगा, पुलिस पर हमला, अपहरण, आगजनी और विस्फोटक अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत उपरोक्त 4 राज्यों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार नक्सली और उसकी पत्नी के पास से जिंदा कारतूस, पिस्तौल, 3 लाख रुपये नकद और सीपीआई (माओवादी) किताबें बरामद किया गया है। रेड्डी प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य था। पुलिस ने बताया कि रेड्डी की पत्नी नक्सली साहित्य से संबंधित काम, पर्चे और पोस्टर छापना, संगठन की प्रेस विज्ञप्ति जारी करना आदि देखती थीं।
हालांकि पुलिस ने बताया है कि रेड्डी का मुख्य क्षेत्र तेलंगाना और छत्तीसगढ़ था, लेकिन मध्य प्रदेश में नक्सली कैडर और नेटवर्क को मजबूत करने में इन नक्सलियों के शामिल होने की पूरी संभावना है।
गिरफ्तारी के बाद, गिरफ्तार जोड़े के खिलाफ भोपाल के एटीएस पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि नक्सली नेटवर्क और मॉड्यूल के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए आगे की जांच जारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

