नोएडा
नोएडा सेक्टर-30 में रहने वाले कथित यौन शोषण के आरोपी डॉक्टर साइकोलॉजिस्ट जीबी सिंह ने अपने मोबाइल और लैपटॉप से कुछ किशोरियों के अश्लील वीडियो और चैट पुलिस के पहुंचने से पहले ही डिलीट कर दिए। डॉक्टर को इस बात की पहले ही भनक लगाई थी कि पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस को उसके पास कुछ ही किशोरियों के अश्लील वीडियो और चैट मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी साइकोलॉजिस्ट ने कुछ साल पहले सेक्टर-18 स्थित मॉल में अपना क्लीनिक खोला था। जहां वह मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को तनाव और मानसिक समस्या से जुड़ी बीमारियों को लेकर सलाह देता था। इसके साथ ही उनकी काउंसिलिंग भी करता था। उसने कुछ महीने अपने क्लीनिक को बंद दिया और घर से ही मरीजों को सलाह देना शुरू कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी किशोरियों से काउंसिलिंग के दौरान काफी देर तक बात करता था। इसके बाद उनको इलाज करने की बात कहकर उनसे कपड़े उतारने के लिए कहता था। इसी दौरान आरोपी स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिए उनका वीडियो बना लेता था। इसके बाद इस वीडियो के जरिए उनको ब्लैकमेल करता था। हालांकि, आरोपी ने कितनी किशोरियों के वीडियो बनाए, इसके बारे में उसने कुछ नहीं बताया। पुलिस की टीमें आरोपी के पास से बरामद फोन और लैपटॉप से मिले डेटा और क्लाइंट के साथ की गई चैट को रिकवर करने की कोशिश कर रही हैं।
अभी तक आरोपी डॉक्टर जीबी सिंह ने पुलिस को अपनी डिग्री भी नहीं दिखाई है। उसने पुलिस पूछताछ में अपना नाम गलत बताकर गुमराह करने की कोशिश की भी की। पुलिस ने किशोरी के शिकायत पर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। किशोरी आरोपी डॉक्टर से इलाज करा रही थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

