जनसंपर्क मंत्री ने किया बटरफ्लाई पार्क का लोकार्पण तथा रेप्टाईल पार्क का शिलान्यास

मध्य प्रदेश राज्य

मुकुन्दपुर व्हाइट टाइगर सफारी को सफेद बाघों का ब्रीडिंग सेंटर बनाये – मंत्री शुक्ल

भोपाल

जनसंपर्क तथा पीएचई मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने महाराजा मार्तण्ड सिंह व्हाइट टाइगर सफारी मुकुन्दपुर में बटरफ्लाई पार्क का लोकार्पण किया। मंत्री शुक्ल ने 3 करोड़ रूपये की लागत से बनाये जा रहे रेप्टाईल पार्क का भूमि-पूजन भी किया। पार्क में 12 किस्मों के साँप रखे जायेंगे। मंत्री शुक्ल ने दिल्ली से प्राप्त सफेद बाघ को व्हाइट टाइगर सफारी स्थित बाड़े में छोड़ा। मंत्री शुक्ल ने कहा कि सफारी में आज सफेद बाघ के रूप में नया मेहमान आया है। ग्वालियर से शीघ्र ही सफेद बाघों का नया जोड़ा मिलने की उम्मीद है। व्हाइट टाइगर सफारी को सफेद बाघों का ब्रीडिंग सेंटर बनाने की दिशा में वन विभाग के विशेषज्ञ लगातार प्रयास कर रहे हैं। इन प्रयासों के फलीभूत होते ही सफारी को विश्व में अनूठा स्थान प्राप्त हो जायेगा।

मंत्री शुक्ल ने कहा कि व्हाइट टाइगर सफारी की स्थापना वर्ष 2016 में की गयी थी तब से लगातार इसका विकास और विस्तार किया जा रहा है। आज इसमें लगभग 250 वन्य-प्राणी हैं। आज विश्व स्तरीय बटरफ्लाई पार्क का शुभारंभ किया गया है। साथ ही रेप्टाईल पार्क निर्माण के लिए भूमि-पूजन भी किया गया है। सफारी के निर्माण के बाद विन्ध्य में 46 सालों के बाद सफेद बाघों की वापसी हुई। इसके विकास के लिए लगातार प्रयास किये जाते रहेंगे।

समारोह में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने कहा कि व्हाइट टाइगर सफारी विन्ध्य क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में अपना स्थान बना चुका है। सफारी में पर्यटकों की संख्या तथा आय में दिनों-दिन वृद्धि हो रही है। आज बटरफ्लाई पार्क तथा नये सफेद बाघ की प्राप्ति से दो उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं।

सफारी के संचालक सूरज सिंह सैयाम ने बताया कि प्रस्तावित 40 में से 34 बाड़ों का निर्माण पूरा हो गया है। शेष का तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह सफारी प्राकृतिक वातावरण में निर्मित विश्व का सबसे सुन्दर प्राणी उद्यान है।

कार्यक्रम में नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, विवेक दुबे, मुख्य वन संरक्षक राजेश राय, जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, डीएफओ रीवा अनुपम शर्मा, डीएफओ सतना विपिन पटेल तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry