भदोही
भदोही प्रभारी निरीक्षक दुर्गागंज विनोद दुबे ने लेखपाल शैलेष पांडेय की बुधवार को जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह अचेत हो गए। इससे आक्रोशित लेखपालों ने ज्ञानपुर-दुर्गागंज त्रिमुहानी पर सड़क जाम कर दिया।
एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने आरोपित थानेदार को लाइनहाजिर कर दिया है। साथ ही मामले की जांच को मजिस्ट्रेट व पुलिस की टीम का गठन किया गया है। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के शेरपुर गोपलहां गांव निवासी शैलेष पांडेय गोधना गांव के लेखपाल हैं। वह बुधवार को दोपहर बाद घर की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान दुर्गागंज थाना क्षेत्र के दमगघा गांव में जमीन विवाद में पुलिस गई थी। आरोप है कि पुलिस के जवान एक महिला को पीट रहे थे। लेखपाल ने मना किया और महिला पुलिस बुलाने की बात कहते हुए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर जवानों ने लेखपाल को पीट दिया और थाने पर लाए। आरोप है कि थानेदार ने भी जमकर पीटा, जिसके बाद शैलेष अचेत हो गए। आनन-फानन में सीएचसी सुरियावां में उन्हें भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल ज्ञानपुर और फिर वाराणसी रेफर कर दिया गया। उधर, मामले की जानकारी के बाद आक्रोशित लेखपालों ने ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज त्रिमुहानी पर सड़क को साढ़े छह बजे शाम को जाम कर दिया। एसडीएम ज्ञानपुर मान सिंह के समझाने पर वे आधे घंटे बाद माने। लेखपाल की हालत गंभीर बनी हुई है।
भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारतीय का कहना है कि दुर्गागंज थाने के जवान जमीन विवाद के निस्तारण को गए थे। इस बीच, लेखपाल भी आ गए। एसओ पर उन्हें पीटने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से एसओ विनोद दुबे को लाइरहाजिर कर दिया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

