बेमेतरा
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के शासकीय प्राथमिक शाला सैगोना में पदस्थ सहायक शिक्षिका हिम कल्याणी सिन्हा जो कि दोनों पैरों से 75 फीसदी दिव्यांग हैं और उसका चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार 2023 के लिए हुआ है, उन्हें 2024 में शिक्षक दिवस के दिन राज्यपाल सम्मानित करेंगे।
अपनी कमजोरी को हिमकल्यानी सिन्हा ने कभी बाधा नहीं माना और रोजाना 14 किलोमीटर का सफर तय कर अपनी ट्राय स्कूटी से बच्चों को पढ़ाने स्कूल पहुंची है। चाहे कितनी भी गर्मी, ठंड या बरसात क्यों न हो 2007 से शासकीय प्राथमिक शाला सैगोना में बच्चों को वह नियमित रुप से पढ़ा रही है और स्वयं के व्यय से कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को टाई और बेल्ट का वितरण करने के साथ ही विशेष अवसरों पर बच्चों को पेन, कॉपी, पेन्सिल, हेयर बेल्ट, कम्पास बॉक्स के साथ ही स्कूली बैग का वितरण करती रहती हैं जिससे निर्धन बच्चों को सहयोग मिलते रहता है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर या जिनके माता पिता इस दुनिया में नहीं है ऐसे बच्चों की पढ़ाई लिखाई में भी काफी मदद करती रहती है। इसी आधार पर राज्य सरकार ने उनका चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार 2023 के लिए किया है और उन्हें यह पुरस्कार 5 सितंबर 2024 को राजभवन में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान राज्यपाल के हाथों मिलेगा।
इसके अलावा सहायक शिक्षिका हिम कल्याणी सिन्हा को 2019-20 में मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण, 2021 में कोरोना योद्धा सम्मान, 2022 में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान, 2022 पढ़ई तुहर दुवार में सर्वश्रेष्ठ योगदान, सीजी पोर्टल में दो बार हमारे नायक के रूप में स्थान, सृजनशील शिक्षक सम्मान, बेस्ट टीचर सम्मान के अलावा कई सामाजिक संस्थाओ से भी सम्मानित हो चुकी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

