झारखंड में रांची सहित कई इलाकों में बारिश के आसार; IMD ने दिया लेटेस्ट अपडेट

राज्य

 रांची

झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश हुई। यहां मानसून सक्रिय है और अगले 24 घंटे के दौरान भी कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे के दौरान यह कमजोर हो जाएगा। यहां शनिवार से बादल हल्के हो सकते हैं।

राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान संथाल परगना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। साहिबगंज में सबसे अधिक 89.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा हजारीबाग, गढ़वा, खूंटी, रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई है। रांची में 21.6 और जमशेदपुर में 35.3 मिली मीटर बारिश हुई। डाल्टनगंज में 13.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून टर्फ जैसलमेर, उदयपुर, इंदौर, बेतूल, गोंडिया, रायपुर, गोपालपुर होते हुए मध्य बंगाल की खाड़ी तक कायम है। इसके उत्तर में झारखंड होने के कारण बारिश हो रही है।

एक जून से अब तक राज्य में 552.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य वर्षापात 859.5 मिली मीटर से 36 प्रतिशत कम है। वहीं, रांची में यह 39 फीसदी कम है। यहां इस अवधि के दौरान 537.2 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य वर्षापात 877.1 मिमी से कम है। अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी और आसपास के क्षेत्र में भी रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, 'झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। झारखंड के आसपास बने सिस्टम और खासकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ से गुजर रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण यहां बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद मानसून कमजोर हो जाएगा।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry