मिशन 2024 में जुटी भाजपा पार्षदों को देगी ट्रेनिंग, यूपी के इस शहर में लगेगा कैंप

उत्तर प्रदेश राज्य

 लखनऊ

सभी राजनीतिक दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदाता तक पहुंचने के लिए फार्मूले तैयार किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ प्रधान, सभासद और पार्षदों को भी अहम जिम्मेदारी देने जा रही है। पार्षदों की प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं। आगरा में भी दो दिन का प्रशिक्षण शिविर लगेगा। इसमें मंडल के तीन जिलों की शहर सरकार शामिल होगी। ब्रज क्षेत्र में छह नगर निगम आते हैं। पिछले दिनों बरेली में तीन नगर निगमों के भाजपा पार्षदों की ट्रेनिंग हो चुकी है। अब आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद की बारी है। दरअसल पार्षद, सभासद और प्रधानों का सीधे तौर पर जनता से जुड़ाव होता है। एक-एक घर तक उनकी पहुंच होती है। आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों और उनकी समस्याओं के निस्तारण में इनका अहम योगदान होता है। इसलिए भाजपा पार्षदों को प्रशिक्षित कर रही है। पार्षद लोगों को मोदी सरकार और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।

पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा करेंगे उद्घाटन
भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन नौ सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा करेंगे। उनके साथ प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी अलग-अलग सत्रों में पार्षदों को प्रशिक्षण देंगे। समापन सत्र में भी किसी वरिष्ठ नेता के आगमन की उम्मीद है। आगरा-दिल्ली रोड पर स्थित होटल में होने वाले दो दिवसीय शिविर में करीब 150 से अधिक पार्षद मौजूद रहेंगे।

कांग्रेसियों ने निकाली भारत जोड़ो यात्रा, लिया संकल्प
आगरा शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एमजी रोड स्थित कार्यालय से भारत जोड़ो यात्रा निकालकर संविधान बचाने का संकल्प लिया गया। यात्रा धाकरान चौराहा, सदर भट्टी, मंटोला, घटिया मामू भांजा, मदीना होटल तिराहा होते हुए बिजलीघर स्थित अंबेडकर पार्क पर जाकर समाप्त हुई। भारत जोड़ो यात्रा में में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह, प्रदेश सचिव शरद उपाध्याय नन्दा, जिला अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह मीनू, शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू, प्रदेश सचिव अमित सिंह, राम टंडन, लक्ष्मीनारायण सिंह, उमेश जोशी व अन्य रहे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry