जमशेदपुर में डेंगू से हालात बेकाबू, वार्ड में एक बेड पर 2 लोगों का चल रहा इलाज

राज्य

जमशेदपुर

जमशेदपुर में डेंगू बेकाबू हो गया है। एमजीएम में पिछले 15 दिनों से मरीज की संख्या बढ़ने के कारण बेड की कमी हो गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि इमरजेंसी में एक बेड पर दो-दो डेंगू मरीजों का इलाज हो रहा है। विधायक सरयू राय ने ऐसे मरीजों की फोटो मीडिया को जारी की है। भुइयांडीह निवासी संजूला देवी और उनके बेटे विवेक कुमार को डेंगू है। दोनों एमजीएम में भर्ती हैं। पहले दोनों को बेड नहीं मिला था।

इमरजेंसी के महिला वार्ड में एक बेड खाली हुआ तो उसमें संजूला देवी को भर्ती कराया गया, लेकिन बेटे को बेड नहीं मिला तो आखिर में उसे भी मां के बेड में ही भर्ती कर दिया गया। यानी एक बेड पर डेंगू पीड़ित मां-बेटे का इलाज चल रहा है। वहीं, कुछ मरीज कुर्सी और फर्श पर इलाज करवा रहे हैं। प्रबंधन ने गंभीर मरीजों को भी इमरजेंसी में बेड उपलब्ध कराने में हाथ खड़े कर दिए हैं। बेड के लिए स्वास्थ्य मंत्री तक की पैरवी अस्पताल प्रबंधन के पास आ रही है। इमरजेंसी में 15 की जगह 55 बेड लगाए गए हैं। बरामदा, पोर्टिको, ह़ॉल में बेड लगाकर भर्ती किया जा रहा है।

डेंगू के 3 नए मरीज मिले

जिले में शुक्रवार को डेंगू के 3 नए मरीज मिले हैं। अबतक कुल 4142 संदिग्ध मरीजों की जांच में 608 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 279 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। 12 आईसीयू व 267 नॉर्मल वार्ड में भर्ती हैं।

इमरजेंसी में 80 मरीज

55 बेड की इमरजेंसी में 80 मरीजों का इलाज चल रहा है। बेड की कमी दूर करने के लिए मरीजों को संबंधित वार्ड में शिफ्ट करने की योजना बनी थी। हालत में सुधार पर उन्हें संबंधित वार्ड भेजा जाना है, लेकिन नियमित रूप से शिफ्ट नहीं किया जा रहा है।

मरीजों की संख्या बढ़ने से इमरजेंसी में बेड कमी हो गई है। इसे दूर के लिए मरीजों को वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि इमरजेंसी में मरीजों को बेड आसानी से उपलब्ध हो सके।- डॉ. रवींद्र कुमार, अधीक्षक

आजादनगर में लार्वा मिलने पर 40 हजार जुर्माना

मानगो नगर निगम की ओर से शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में डेंगू उन्मूलन को लेकर फागिंग अभियान चलाया गया। डेंगू का लार्वा पाए जाने वाले मकान मालिकों को चेतावनी दी गई। कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव के निर्देश पर व्यापक अभियान चलाया गया। माइकिंग कर प्रचार-प्रसार कराया गया एवं लोगों को जागरूक किया गया। ओल्ड पुरुलिया रोड, आजादनगर, जाकिरनगर, डिमना रोड, डिमना बस्ती आदि क्षेत्रों में डेंगू के लार्वा की जांच की गई। जिन घरों में लार्वा या जलजमाव पाया गया, उनसे जुर्माना वसूला गया। इस दौरान आजादनगर रोड नंबर-2 के आसपास 20 हजार सहित कुल चालीस हजार जुर्माना वसूला गया। पांच मकान मालिकों से बिल्डिंग मेटेरियल रखने एवं जलजमाव के कारण जुर्माना वसूला गया।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry