अगले महीने से दिल्ली में घर बैठे मिलेंगी MCD की 23 सेवाएं, निगम प्रशासन तेजी से कर रहा काम

राज्य

नईदिल्ली

जन्म प्रमाण पत्र, नए स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस के आवेदन व पुराने का नवीनीकरण जैसी दिल्ली नगर निगम की कुल 23 सेवाएं अक्तूबर के पहले सप्ताह से घर बैठे मिलेंगी। इस दिशा में निगम प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। लोगों को निगम के सभी 250 वार्डों में इन सेवाओं को देने के लिए मोबाइल सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। निगम के प्रत्येक वार्ड में यह मोबाइल सहायक नियुक्त होंगे। निगम जल्द ही मोबाइल ऐप भी तैयार करेगा और इसे लॉन्च किया जाएगा।

घर पर मिलेगा 23 सेवाओं का लाभ
निगम महापौर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि घर बैठे निगम की 23 सेवाओं का लाभ लोगों को मिलेगा। साथ ही, इन सेवाओं को लोगों को बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के लिए हर वार्ड में मोबाइल सहायक भी नियुक्त होंगे। इन मोबाइल सहायकों को  लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्टफोन और इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। यह घर-घर जाकर लोगों को निगम की 23 सेवाओं की सुविधाएं देंगे। इस दिशा में जल्द ही एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च करेंगे।

जल्द लॉन्च होगा मोबाइल ऐप
वहीं, निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घर बैठे लोगों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इसमें सभी विभागों के बीच समन्वय भी बनाया जाएगा। नागरिकों को घर बैठे निगम की नए फैक्ट्री लाइसेंस के लिए आवेदन व पुराने फैक्ट्री लाइसेंस का नवीनीकरण, संपत्ति कर रिटर्न, नए पशु चिकित्सा लाइसेंस व पुराने का नवीनीकरण, पालतू कुत्तों का पंजीकरण आदि का लाभ मिलेगा। इस दिशा में निगम जल्द ही मोबाइल ऐप भी तैयार करेगा और इसे लॉन्च किया जाएगा।

वीर सावरकर अस्पताल में प्रसूति सेवाओं का होगा विस्तार
महापौर डॉ. शैली ओबरॉय ने मंगलवार को निगम के करावल नगर स्थित वीर सावरकर अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के लिए ओटी की सुविधा शुरू करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। अब इस अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के लिए ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध होगी। अभी तक अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के लिए इस अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर नहीं है। सिजेरियन प्रसव के लिए मरीजों को निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल में रेफर किया जाता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry