चंडीगढ़
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज पंजाब यात्रा पर है। उनकी रैली में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़े पैमाने पर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता अमृतसर जाने वाले हैं। उनके लिए बसों की व्यवस्था की गई है। सरकारी स्कूल के शिक्षकों को उन बसों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस मुद्दे पर भगवंत मान की सरकार पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पार्टी भड़क उठी है। कांग्रेस पार्टी के एक विधायक ने सवाल पूछा है कि क्या यही बदलाव है? भगवंत मान ने हाल ही में कहा था कि सरकारी शिक्षक केवल पढ़ाएंगे, उन्हें इसके अलावा कोई काम नहीं सौंपा जाएगा। हालांकि, जिला शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा जारी आदेश सीएम के दावों के ठीक विपरीत है।
आपको बता दें पंजाब में इस समय सरकारी स्कूलों में परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। शिक्षा विभाग ने आदेश दिया है कि किसी भी शिक्षक को अपने बच्चों को परीक्षा की तैयारी कराने के लिए काम से छुट्टी नहीं मिलेगी। उन्हें अपने छात्रों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। रिपोर्ट में भटिंडा, लुधियाना, मोगा, बरनाला सहित कई जिलों के डीईओ द्वारा जारी आदेशों का हवाला दिया है। आदेशों के मुताबिक, कम से कम 310 शिक्षकों, प्रिंसिपल्स और हेडमास्टर्स को पीआरटीसी बसों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये सभी आप कार्यकर्ताओं के साथ रहेंगे। इनमें शाहकोट से 30, बरनाला से 27, मोगा से 90, भटिंडा से 36 और लुधियाना से 130 शिक्षक शामिल हैं।
आपको बताते चलें कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को ले जाने वाली प्रत्येक बस में एक शिक्षक प्रभारी होगा। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि AAP कार्यकर्ताओं को समय पर जलपान परोसा जाए। यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो और बस पर "स्कूल ऑफ एमिनेंस" का प्रचार बैनर लगा हो। लुधियाना जिले में 14 विधानसभा क्षेत्र हैं। प्रत्येक क्षेत्र को बसों के प्रभारी के रूप में 10 से 15 शिक्षक आवंटित किए गए हैं। आदेश में आगे कहा गया है कि प्रिंसिपल को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक शिक्षक जिसका नाम सूची में है, उसे यह कर्तव्य पूरा करना होगा और किसी को भी कोई छूट नहीं दी जानी चाहिए। इसी तरह भटिंडा में प्रिंसिपलों को भी नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। वह शिक्षकों के कर्तव्यों की जांच करेंगे।
इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने पलटवार किया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''अरविंद केजरीवाल के लिए भगवंत मान के द्वारा सरकारी खजाने के पैसे का घोर दुरुपयोग किया जा रहा है। डीसी फरीदकोट को कल अमृतसर में होने वाली रैली के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए जिले से 30 बसों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। पूरे प्रदेश से सैकड़ों बसों की व्यवस्था की जा रही है। बदलाव कहां है?''
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

