विशाखापत्तनम
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू के गिरफ्तारी के बाद से पूरे राज्य में अशांति का महौल है। चंद्रबाबू नायडू को कथित कौशल विकास निगम घोटाले के सिलसिले में विजयवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत ने रविवार को 23 सितंबर तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नायडू के गिरफ्तारी के बाद तेलुगु देशम पार्टी के कार्यकर्ता राज्यभर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के खिलाफ एक टीडीपी कार्यकर्ता विशाखापत्तनम जाने वाली उड़ान के अंदर विरोध प्रदर्शन करते हुए देखा गया।
टीडीपी कार्यकर्ता अदारी किशोर कुमार ने मंगलवार को विशाखापत्तनम एयरपोर्ट पर विमान के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित वीडियो में किशोर कुमार को एक विमान के अंदर 'लोकतंत्र बचाओ' बैनर हाथ में पकड़े देखा जा सकता है।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने पूरे राज्य में धारा 144 की लागू
इससे पहले, टीडीपी कार्यकर्ताओं ने कथित कौशल विकास मामले में टीडीपी प्रमुख की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के खिलाफ सोमवार को चित्तूर में विरोध प्रदर्शन किया। टीडीपी ने पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया है। आंध्र प्रदेश पुलिस ने पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी है।
सोमवार को राज्य पुलिस ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई के तौर पर चित्तूर जिले में टीडीपी एमएलसी कंचेरला श्रीकांत सहित कई पार्टी नेताओं को हिरासत में लेने की भी कोशिश की।चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के खिलाफ तिरूपति और पश्चिम गोदावरी जिलों में भी विरोध प्रदर्शन हुए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

