हैदराबाद/नई दिल्ली.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह समय हमारे लिए आराम से बैठने का नहीं बल्कि दिन-रात मेहनत करने का है। कांग्रेस को जनता के बीच रहना है। उनकी समस्याओं को सुनना है और निदान के लिए सतत सक्रिय रहना है। खड़गे ने हैदराबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस बैठक के संदेश का देश इंतजार कर रहा है। आज का हमारा मुद्दा राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी है। भविष्य की चुनौतियों से हम लोग अवगत हैं। ये चुनौतियां असल में भारतीय लोकतंत्र की चुनौतियां हैं। देश के संविधान को बचाने की चुनौती है। एससी/एसटी/ओबीसी महिलाओं, ग़रीबों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों को बचाने की चुनौती है।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के अपने 138 वर्षों के गौरवशाली इतिहास में एक से एक बड़ी चुनौतियों पर विजय हासिल की। अगले 2-3 महीनों में 5 राज्यों के चुनाव तय हैं। लोकसभा चुनाव महज़ 6 महीने दूर है। जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, हमें ये भी ध्यान रखना होगा। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हमारी राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया है। इसके बारे में हमें पूरे देश को बताना है।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि पार्टी ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले 2 महीनों में 20 राज्यों के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ विस्तार से बैठक कर वहां की रणनीति बनाई है। हमें वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहना है। उनके सवालों का जवाब देना है। विरोधियों द्वारा फैलाई जा रही झूठी बातों की हमें तुरंत काट करनी है। मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

