एलयू का पोर्टल बंद, कॉलेजों में स्नातक कोर्सों की 5000 सीटें खाली

उत्तर प्रदेश राज्य

लखनऊ 
लखनऊ विश्वविद्यालय ने एलयूआरएन पोर्टल बंद कर दिया है। इससे अब नए रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेंगे। इससे विश्वविद्यालय या कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को कहीं दाखिला नहीं मिल सकेगा। वहीं पोर्टल बंद होने से करीब 5000 सीटें खाली रह गई हैं।

एलयू प्रशासन की ओर से सत्र 2023-24 से पांचों जिलों में किसी भी संबद्ध कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय रजिस्ट्रेशन नंबर (एलयूआरएन) पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए छात्र-छात्राओं को 100 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा कर और जरूरी जानकारियां भरकर पंजीकरण करवाना जरूरी है, जिसके बाद ही किसी कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया जा सकता है। अब जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने एलयूआरएन पोर्टल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है तो इससे कॉलेज में दाखिले नहीं ले सकेंगे। जिन कॉलेजों में अभी सीटें रिक्त हैं उनके लिए यह परेशानी है।

महिला, खुनखुनजी और एपी सेन में भी सीटें रिक्त
महिला कॉलेज में बीए की लगभग 700, बीएससी में 300 और बीकॉम की 20 सीटें खाली हैं। खुन खुन जी गर्ल्स में बीए की 485 सीट के सापेक्ष 280 और बीकॉम की 60 के सापेक्ष 47 सीटें खाली हैं। जबकि एपी सेन में बीकॉम की 50 और बीए में 200 से ज्यादा सीटें रिक्त हैं।

मांग : कम से कम 20 दिन के लिए खोलें पोर्टल
विद्यांत की प्राचार्या प्रो. धर्म कौर ने मांग की है कि एलयू प्रशासन को कम से कम 20 दिन के लिए पोर्टल खुला रखना चाहिए। जिससे कॉलेजों में भी एडमिशन हो जाएं। वहीं कालीचरण के प्राचार्य प्रो. चंद्रमोहन उपाध्याय ने कहा कि छात्र हित में कुछ दिन और पोर्टल खोल देना चाहिए।

एलयूआरएन पोर्टल शुक्रवार रात 12 बजे से बंद कर दिया गया है। इसका एक मात्र उद्देश्य छात्रों का डाटा उपलब्ध कराना था। जिससे कार्य सुचारू रूप से हो सकें।- डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, प्रवक्ता

केकेवी
प्राचार्य प्रो. संजय मिश्रा का कहना है कि यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में 700 सीटें खाली हैं। इसमें बीए में 150, बीएससी बायो व मैथ्स में 200-200, बीकॉम की 150 और पीजी में कई विषयों में सीटें रिक्त हैं।

केकेसी
प्राचार्य प्रो. विनोद चंद्रा ने बताया कि पीजी भौतिक, रसायन, अंग्रेजी व अर्थशास्त्रत्त् में लगभग 15-20 सीटें रिक्त हैं। एलयूआरएन पंजीकरण किए हुए अभ्यर्थी पहले आओ, पहले पाओ से दाखिला ले सकते हैं।

विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज
प्राचार्या प्रो. धर्म कौर ने बताया कि बीए में 670 सीट के सापेक्ष 520, बीकॉम रेगुलर में 320 पर 40 और बीकॉम सेल्फ फाइनेंस की 120 सीटें खाली हैं।

कालीचरण पीजी कॉलेज
प्राचार्य प्रो. चंद्रमोहन उपाध्याय ने कहा कि यूजी की सीटें फुल हो गई हैं। पीजी कार्यक्रमों में करीब 400 सीटें हैं। जिसमें 30 फीसदी सीटें खाली हैं।

सफाई के निर्देश दिए
एलयू के द्वितीय परिसर में शुक्रवार को अधिष्ठाता छात्र कल्याण टीम ने कैंटीन व वाटर कूलर का निरीक्षण किया। अतिरिक्त डीएसडब्ल्यू डॉ. अभिषेक कुमार तिवारी ने निरीक्षण के बाद साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry