ऑरेंज अलर्ट : झारखंड में हो सकती है भारी बारिश

राज्य

कोडरमा: 1 जून से 30 सितंबर तक मानसून की अवधि समाप्त होने के बावजूद राज्य में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अगले 3 अक्टूबर तक विभिन्न स्थानों पर बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मानसून की अवधि समाप्त होने के बावजूद हो रही बारिश से भू जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके अलावा वर्षापात की स्थिति में भी सुधार आने की संभावना है।

6 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वरीय वैज्ञानिक डॉ. प्रीति गुणवाणी ने बताया कि 1 अक्टूबर को गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। जबकि रविवार को धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची और लोहरदगा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। डॉ. प्रीति ने बताया कि 2 अक्टूबर को राज्य के उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। जबकि 3 अक्टूबर को राज्य के पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार है। वहीं शनिवार की देर रात को भी रांची और रामगढ़ जिले के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हुई। इसके अलावा साहेबगंज, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले 6अक्टूबर में बादल छाये रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है।

जाममाड़ा के फतेहपुर में सबसे अधिक 68 मिलीमीटर बारिश
राज्य में पिछले 24 घंटे में राज्य में लगभग सभी स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मानसून के सक्रिय रहने से सबसे अधिक 68 मिलीमीटर बारिश जामताड़ा के फतेहपुर में हुई। इसके अलावा बहरागोड़ा में 66.6, नाला में 65.2, जामताड़ा में 58.4, बांसकुरिया में 56.8, कुंडहीत में 53, जरमुंडी में 53, देवघर में 31, सिकटिया में 48 और चक्ररधरपुर में 41 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा नारायणपुर में 40.6, चाकुलिया में 40.2, सुजनी में 40, पाकुड़ में 39, महेशपुर में 38.6, गोविंदपुर में 38.4, जामताड़ा में 35.8 मिलीमीटर, बोरियो में 35.4, राजमहल में 21.2, बरही में 20.8, तिलैया में 19.8, डीवीसी में 18.4, कोडरमा में 15.6, बोकारो में 11.5, अड़की में 8.2, गोइलकेरा में 7.8 आौर लोहरदगा में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई।

झारखंड में जून से सितंबर तक 752मिलीमीटर बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देशभर में 1 जून से 30 सितंबर को मानसून का महीना माना गया है। देश के कई राज्यों में इस दौरान सामान्य से अधिक बारिश हुई, लेकिन इस वर्ष झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में इस अवधि में सामान्य से कम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में इस अवधि में 752 मिलीमीटर बारिश हुई। जो सामान्य से 26 प्रतिशत कम है। इस अवधि में राज्यभर में 1022.9 मिलीमीटर औसत बारिश का रिकॉर्ड है। राज्य के 24 में से 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। इनमें से चतरा जिले में सबसे कम बारिश हुई। जबकि बोकारो, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, साहेबगंज, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले में सामान्य बारिश हुई। रांची में भी सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश हुई।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry