वॉशिंगटन.
अमेरिका के टेक्सास में एक तीन साल के बच्चे की वाटर पार्क में नहाने के दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं जिस वक्त बच्चा डूब रहा था, उस वक्त बच्चे की मां फोन में मग्न थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की है। अब महिला के खिलाफ मुकदमा चलेगा। महिला के वकील ने वाटर पार्क के लाइफ गार्ड्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला पर लगाए आरोप
घटना टेक्सास के अल पासो इलाके में स्थित कैंप कोहेन वाटर पार्क की है। महिला जेसिका वीवर (35 वर्षीय) के खिलाफ बच्चे एंथनी लियो मालावे की मौत के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने भी महिला पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि महिला की लापरवाही के चलते ही बच्चा पानी में डूब गया। घटना अगस्त की है। बच्चे की मौत के बाद 30 अगस्त को महिला को उसके गृह नगर इंडियाना से हिरासत में लिया गया। इसके बाद महिला को अल पासो काउंटी जेल में रखा गया। बीती 22 सितंबर को महिला को एक लाख डॉलर के बॉन्ड पर जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
बच्चे ने नहीं पहनी थी लाइफ जैकेट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस वक्त बच्चा पानी में डूब रहा था, उस वक्त वाटर पार्क में 18 लाइफ गार्ड पार्क में मौजूद थे। एक लाइफ गार्ड ने ही बच्चे को स्वीमिंग पूल से बाहर निकाला, जहां नहाने के दौरान बच्चे की मौत हुई। घटना के वक्त बच्चे ने लाइफ जैकेट भी नहीं पहनी थी और उसकी मां अपने फोन में गाने सुनने और गुनगुनाने में व्यस्त थी। इस दौरान महिला सेल्फी भी ले रही थी और वह बच्चे पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

