उदयपुर.
प्रताप नगर थाना पुलिस ने एक वर्दीधारी फर्जी पुलिसकर्मी को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी को जब पुलिस के जवान सादे कपड़ों में पकड़ने गए, तब पुलिस के जवानों को फर्जी पुलिसकर्मी पहले थाने की असली पुलिस होने का धौंस दिखाने का प्रयास किया। लेकिन जब पुलिसकर्मियों ने उससे पहचान पत्र मांगा तो उसकी पोल खुल गई।
प्रतापनगर थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि इस मामले में कानोड़ हाल सेक्टर-14 निवासी देवराज सिंह उर्फ देवेन्द्र सांखला को गिरफ्तार किया है, जिस वक्त देवराज को पकड़ा गया तब वह पुलिस की वर्दी में था और खुद को पुलिस सब इंस्पेक्टर बता रहा था। लेकिन जब टीम ने उससे पहचान पत्र मांगा तो वह घबरा गया और फर्जी पुलिसकर्मी होना कबूल लिया। थाने पर मुखबीर से सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस सब इंस्पेक्टर बताकर लोगों से रुपये ठगता है और देबारी हाइवे की तरफ उसकी लोकेशन है। इस पर तत्काल पुलिस टीम देबारी की तरफ रवाना हुई। आसपास तलाश करने के बाद देवरी सेडीकली जाने वाली रोड पर एक कार दिखी, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहने हुए था।
पुलिस टीम ने उससे पूछताछ की तो वर्दीधारी ने अपना नाम देवराज सिंह बताया और जब उससे पहचान पत्र मांगा तो उसके फर्जी पुलिसकर्मी होने का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। फ़िलहाल, आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को पुलिसकर्मी बनकर ठगा है। आरोपी से एक कार भी बरामद हुई है, जिस पर भी उसने पुलिस का लोगो लगाया हुआ था।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

