आज रात भारतीयों को लेने इजरायल जाएगा विमान, विदेश मंत्रालय ने बताया क्‍या है रेस्‍क्‍यू प्‍लान

देश

नई दिल्‍ली
 भारतीय नागरिकों को लेने के लिए पहली चार्टर उड़ान आज रात तेल अवीव पहुंचेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यह जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि इजरायल में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन अजय शुरू किया गया है। यह उन भारतीय नागरिकों की सुव‍िधा के लिए है जो इजरायल से वापस आना चाहते हैं। इजरायल-हमास में चल रही जंग के बीच विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को मीडिया को संबोधित किया। ऑपरेशन अजय का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा कि चार्टर उड़ान आज देर शाम तेल अवीव पहुंचेगी। इसमें 230 यात्रियों के सवार होने की उम्मीद है। बागची ने भारत के पास सभी विकल्प खुले होने की बात कही है। निकासी में भारतीय वायुसेना की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस फ्लाइट के कल सुबह भारत लौटने की संभावना है।

बीते रोज विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऑपरेशन अजय के बारे में ऐलान किया था। उन्‍होंने कहा था कि ऑपरेशन अजय को हमारे उन नागरिकों की इजरायल से वापसी की सुविधा के लिए शुरू किया गया है जो वापस आना चाहते हैं।

इजरायल में हमास के हमले में घायल हुई केरल की महिला पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि उन्‍हें मामले की जानकारी है। वह अस्पताल में हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, 'लगभग 18,000 भारतीय इजरायल में हैं। वहां संघर्ष चल रहा है और यह चिंता का विषय है। भारतीयों को मिशन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।'

अरिंदम बागची ने कहा, 'अंतरराष्‍ट्रीय मानवीय कानून का पालन करना सार्वभौमिक दायित्व है। आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ना भी एक वैश्विक जिम्मेदारी है।'

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और कनाडाई विदेश मंत्री मेलानी जोली के बीच किसी बैठक के सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम विभिन्न स्तरों पर कनाडाई लोगों के साथ संपर्क में हैं।' भारत-कनाडा राजनयिक मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, 'हम अपनी राजनयिक उपस्थिति में समानता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry