प्रदेश अध्यक्ष शर्मा बोले – लाडली बहना योजना बंद कराने का षडयंत्र रच रही कांग्रेस

राजनीती

भोपाल.
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि चुपके से खातों में पैसे डालना मामा की आदत हो गई है। सच्चाई यह है कि दिग्विजयसिंह राजनीतिक और मानसिक रूप से दिग्भ्रमित हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी शुरू से विकास विरोधी और महिला विरोधी रही है। महिला विरोधी मानसिकता वाले कांग्रेसियों का प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के जीवन में खुशहाली ला रही लाडली बहना योजना से बैर होना स्वाभाविक है और इसीलिए ये इस योजना को बंद कराने के लिए षडयंत्र रच रहे हैं।

मिं. गुंडानाथ, कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह चुनाव आयोग को पत्र लिखकर लाडली बहना योजना पर रोक लगाने की मांग कर चुके हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में उस व्यक्ति के घर से इनकमटैक्स विभाग ने 42 करोड़ रुपये बरामद किए हैं, जिसने कांग्रेस नेताओं के इशारे पर भाजपा सरकार पर कमीशन लेने का झूठा आरोप लगाया था।

बहनों के हक छीनने का सपना देख रहे कलयुग के दुशासन दिग्विजय सिंह
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2018 के चुनाव में जब कांग्रेस सत्ता में आई थी, तो उसने सबसे पहले गरीब माताओं-बहनों के हक पर डाका डाला था और उनके कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाएं बंद कर दी थीं। मुझे प्रदेश की माताओं-बहनों को यह बताते हुए दुख हो रहा है कि महिला विरोधी कांग्रेस अब लाडली बहना योजना को बंद कराने का सपना देख रही है। कांग्रेस के नेता माताओं, बहनों और बेटियों के आर्थिक हक पर गिद्ध की तरह नजरें गड़ाए हुए हैं।

शर्मा ने कहा कि जिस तरह से महाभारत काल में दुशासन ने द्रौपदी के चीरहरण का दुस्साहस किया था, उसी तरह महिलाओं के आर्थिक हक छीनने का सपना कलयुग के दुशासन दिग्विजय सिंह देख रहे हैं। शक्ति की आराधना का पर्व नवरात्र शुरू होने जा रहा है और उससे पहले दिग्विजय सिंह अपनी ओछी मानसिकता का प्रमाण देते हुए इशारों-इशारों में महिलाओं के हक छीनने की बात कह रहे हैं। प्रदेश की लाडली बहनें इस ओछी हरकत के लिए दिग्विजय सिंह को कभी माफ नहीं करेंगी।

महिलाओं का विरोध, उनका अपमान कांग्रेस की आदत
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है, जब दिग्विजय सिंह जैसे दागी नेता ने महिलाओं का अपमान किया हो। महिलाओं का अपमान, उनके बारे में अनाप-शनाप बोलना तो महिला विरोधी कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की रग-रग में बसा है। महिलाओं को टंच माल, आइटम, टीवी पर नाचने वाली, मोटी, परकटी औरत कहना कांग्रेस की परंपरा रही है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की 15 महीनों की सरकार ने भी अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करते हुए उनके अधिकारों का हनन और शोषण किया। महिलाओं के श्राप से ही कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।

कांग्रेस सरकार ने छीना था गरीबों का हक
शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने सिर्फ बहनों का हक नहीं छीना था, बल्कि पिछड़े, गरीब और शोषित वर्ग के लिए शुरू की गई योजनाएं भी बंद कर दी थीं। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना बंद करके बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन करने से रोक दिया था। किसान सम्मान निधि पर बहाने बनाकर किसानों का हक छीनने का काम किया था। मैचिंग ग्रांट न होने का बहाना बनाकर प्रधानमंत्री आवास लौटा दिए थे और गरीबों से अन्याय किया था। संबल योजना बंद करके गरीबों का सहारा छीन लिया था।

कांग्रेस भ्रष्टाचार की गारंटी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर किसी बात की गारंटी है, तो वो भ्रष्टाचार की गारंटी है। किसी बात की गारंटी है, तो वो परिवारवाद की गारंटी है। किसी बात की गारंटी है, तो वो तुष्टिकरण की गारंटी है। कांग्रेस के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कही हुई यह बात आज 100 प्रतिशत सही साबित हुई है कि अगर कांग्रेस आती है, तो वह अपने आकाओं के आदेश पर राज्यों को भ्रष्टाचार का एटीएम बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई लूटेगी।

इसका ताजा उदाहरण है कर्नाटक, जहां इनकम टैक्स के छापों में करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं। इन रुपयों को चेन्नई होते हुए हैदराबाद भेजा जाना था और इनका इस्तेमाल कांग्रेस तेलंगाना मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में करना चाहती थी। शर्मा ने कहा कि कनार्टक के आरटीनगर में इनकम टैक्स ने अश्वत्थम्मा, उनके पति आर अंबिकापति, उनकी बेटी और अश्वत्थम्मा के बहनोई प्रदीप के घरों पर छापे मारे थे, जिसमें 42 करोड़ से अधिक की करंसी मिली है।

उन्होंने कहा कि जिस अंबिकापति के घर से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं, वो वही है जिसने कांग्रेस नेताओं के कहने पर कर्नाटक की तत्कालीन भाजपा सरकार पर कमीशन लेने का आरोप लगाया था। आज उसी के घर से कांग्रेस के कमीशन के करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं।

कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार के एटीएम बन जाते हैं राज्य
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि जब भी किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो वह एक परिवार के कहने पर, अपने नेताओं के इशारे पर राज्य का दोहन करने में लग जाती है। छत्तीसगढ़ में तो गाय के गोबर में भी घोटाला हो गया। शराब घोटाला, महादेव एप घोटाला, खनन घोटाला और न जाने कितने घोटाले हो गए। राजस्थान में भ्रष्टाचार के दस्तावेज लाल डायरी ने अशोक गहलोत की नींद उड़ा रखी है।

महाराष्ट्र में इनकी अघाड़ी सरकार उगाही में ही लगी रही। झारखंड में भी कांग्रेस के समर्थन से चलने वाली सरकार के मुख्यमंत्री का भ्रष्टाचार सामने आया है। थोड़े दिनों के लिए जब मध्यप्रदेश में करप्शननाथ की सरकार आई थी, तब मध्यप्रदेश में भी ऐसा ही खेल दिखाई दिया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के पीए मिगलानी और मिस्टर कक्कड़ के घरों से करोड़ों रुपये बरामद हुए थे। शर्मा ने कहा कि अगर भूल से भी मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है, तो कर्नाटक की ही तरह जनता की गाढ़ी कमाई को लूटकर दिल्ली के दरबार में चढ़ावा चढ़ाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry