झारखंड में भाजपा का ‘डार्क हॉर्स’ पर भरोसा

राज्य

बोकारो.

झारखंड भाजपा ने विधायक अमर कुमार बाउरी को विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नया नेता निर्वाचित किया है। बाउरी चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार निर्वाचित होकर आए हैं। बाउरी भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा पार्टी ने मांडू विधायक जेपी पटेल को विधायक दल का नया सचेतक बनाया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक अश्विनी चौबे की रिपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांड ने रविवार देर शाम इसका ऐलान किया। बाउरी अनुसूचित जाति तथा जेपी पटेल पिछड़ी जाति (कुर्मी) से आते हैं।

बता दें कि भाजपा ने पहले बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना था। पर दल-बदल मामला चलने के कारण उन्हें विधानसभा से नेता प्रतिपक्ष की मान्यता नहीं मिली। इसी बीच बाबूलाल मरांडी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने विधायक दल के नेता का पद छोड़ दिया था। बाद में पार्टी ने विधायक दल नेता को लेकर रायशुमारी की। कई लोगों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गये। अंतत अमर कुमार बाउरी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व की सहमति बनी और उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। इस पद के लिए कई लोगों के नाम चल रहे थे। सचेतक बनाए गए जेपी पटेल भी नेता प्रतिपक्ष के पद की दौड़ में शामिल थे। लेकिन उन्हें सचेतक बनाया गया है। बिरंची नारायण को पार्टी ने पहले ही विधानसभा में मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। मरांडी ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा है कि दोनों जनता की बातों को रखने का प्रभावी माध्यम बनेंगे। वहीं बाउरी ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

झारखंड भाजपा विधायक दल के नए नेता के चुनाव के बाद इसकी सूचना विधानसभा अध्यक्ष को लिखित रूप में भेजेगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष बाउरी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता देंगे। विधानसभा सचिवालय इसकी अधिसूचना जारी करेगा।
कहा जाये तो अमर बाउरी झारखंड भाजपा विधायकों में ‘डार्क हॉर्स ‘ साबित हुए। वह अचानक सबकी पसंद बन गए और विधानसभा में विपक्ष की सबसे ऊंची कुर्सी तक पहुंच गए। विधायक दल नेता के रूप में उनके नाम की कभी सार्वजनिक चर्चा नहीं हुई थी।
बाउरी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। बोकारो जिले के चंदनकियारी (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) विधानसभा से वह दूसरी बार चुनकर आए हैं। वहीं जय प्रकाश भाई पटेल को भाजपा का सचेतक बनाकर पार्टी ने झारखंड की सबसे बड़ी जमात ओबीसी को साधने की कोशिश की है। पटेल विधायक दल के नेता की दौड़ में शामिल थे। वह मांडू विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनकर आए हैं। दो प्रमुख पदों पर एससी व ओबीसी नेताओं का चुनाव भाजपा का बड़ा फैसला है। इसका सकारात्मक असर पड़ सकता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry