जयपुर.
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भी कांग्रेस और भाजपा प्रदेश की 200 सीटों पर प्रत्याशी नहीं उतार पाई है। पार्टियों से टिकट मांगने वाले उम्मीदवार इंतजार कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस की चौथी सूची मंगलवार को सकती है। शायद यही कारण है कि सचिन पायलट चौथी सूची के आने से पहले दिल्ली से रवाना होकर एक्सप्रेस हाईवे होते हुए दौसा के रास्ते निकले हैं।
भांडारेज एक्सप्रेस हाईवे इंटरचेंज के पास मौजूद कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को स्वागत के लिए रोका तो रुके, लेकिन बिना स्वागत लिए कुछ ही सेकंड में दौसा के रास्ते जयपुर के लिए रवाना हो गए। इंटरचेंज पर सचिन पायलट अपने समर्थकों के बीच ज्यादा खुश नजर नहीं आ रहे थे। उन्होंने मीडिया से भी कोई बात नहीं की। बताया जा रहा है आने वाली सूची को लेकर सचिन पायलट खुश नहीं हैं। कांग्रेस की दूसरी सूची भी पायलट गुट के लिए झटका साबित हुई थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

