भोपाल
प्रदेश की आधी आबादी महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का वादा कर भाजपा और कांग्रेस दोनो की दल सत्ता के शिखर तक पहुंचने की आस में हैं। प्रदेश में लाड़ली बहना योजना भाजपा सरकार ने शुरू की है। इस योजना के तोड़ में कांग्रेस नारी सम्मान योजना को लागू करने के वचन के साथ इस चुनाव में है। अब कांग्रेस अपने इस वचन को ज्यादा असरदार बना कर महिलाओं के अधिक से अधिक वोट पाने के लिए रणनीति बना रही है। नारी सम्मान योजना के वादे पर भरोसा दिलाने के लिए कांग्रेस ने घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क किया और फार्म भी भरवाया। इस तरह से कांग्रेस का दावा है कि करीब सवा करोड़ नारी सम्मान फार्म भरवाने में वह सफल रही। नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाते समय कांग्रेस ने इन महिलाओं के साथ ही घर के मुखिया का मोबाइल नंबर भी लिया था।
प्रचार के दौरान भी फोकस
चुनाव प्रचार के दौरान महिला कांग्रेस की सदस्य जहां इन महिलाओं से घर- घर जाकर संपर्क कर रही है । महिला विंग को निर्देश हैं कि वे इन महिलाओं के घर पर जरुर जाएं और उन्हें भरोसा दिलाए कि कांग्रेस अपने वादे को हर हाल में पूरा करेगी। कांग्रेस को यह आभास है कि इस बार के चुनाव में महिला मतदाता बड़ी भूमिका निभायेंगी। यही वजह है कि कांग्रेस भी भाजपा के इस पंरपरागत वोट बैंक में सेधमारी करने की कोशिश में अभी से जुटी हुयी है। भाजपा सरकार महिला मतदाताओं को अपनी ओर जोड़ने के लिए महिला कल्याण से जुड़ी हुई एक दर्जन से ज्यादा योजना को चला रही है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिवराज सरकार ने लाडली बहना योजना लागू करके महिला मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। दो करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता प्रदेश की सियासत का भविष्य तय करेगी।
हर दिन भेजे जा रहे मैसेज
दिल्ली की एक आईटी टीम ने डिजिटाइलेशन करके इन महिलाओं को हर दिन इस वादे से जुड़े संदेश भेज रही है। व्हाट्सएप के जरिए वह लगातार इन महिलाओं को बता रही है कि कांग्रेस की सरकार आई तो यह वादा पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही वह हर तीन-चार दिन में एक बार कांग्रेस के वचन पत्र को भी इन महिलाओं को भेजती रहेगी। जिसमें महिलाओं से संबंधित वादों पर ही फोकस रहेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

