कश्मीर के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी

देश

जम्मू

पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत जम्मू कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं, जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, में रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है। बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिसके चलते सर्दी का अहसास बढ़ गया है।

पर्यटन स्थाल गुलमर्ग बर्फ की सफेद चादर में ढक गया है। साधना टॉप, जेड गली, राजधान पास, सिंथन टॉप, मर्गन टॉप, पीर की गली, फरकियां टॉप के साथ-साथ पीर पंजाल की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। इसके अलावा सोनमर्ग, अफरवट और तोसा मैदान में भी हलकी बर्फबारी दर्ज की गई।

जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद

रामबन के मेहाड़ में पहाड़ियों से पस्सियां गिरने के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। जम्मू कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को इस मार्ग पर अगले आदेश तक यात्रा न करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन कश्मीर घाटी के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा। उन्होंने बताया कि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी रहेगी। पहाड़ी इलाकों में 5 इंच से अधिक बर्फबारी की संभावना है। हालांकि शनिवार को मौसम में हल्का सुधार आने की संभावना है जोकि 16 नवंबर तक रहेगा।

नत्थाटॉप में भी हुई बर्फबारी

बिगड़े मौसम के मिजाज ने पहाड़ों को फिर बर्फ से लकदक कर दिया है। जम्मू संभाग के जिला उधमपुर के पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में ताजा बर्फबारी हुई है। कल शनिवार और फिर रविवार को दिवाली का पर्व है। ऐसे में जम्मू संभाग के सैलानी बड़ी संख्या में नत्थाटॉप पहुंच सकते हैं। उधमपुर की तहसील चिनैनी में बारिश होने और हवाएं चलने से तापमान में काफी गिरावट आई है। ठंड में इजाफा होने से लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा है।

जम्मू संभाग के जिला पुंछ और राजोरी को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड पर ताजा बर्फबारी हुई है। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।
 

बर्फबारी के चलते बांदीपोरा-गुरेज सड़क बंद

राजदान टॉप पर ताजा बर्फबारी के बाद 85 किलोमीटर लंबी बांदीपोरा-गुरेज सड़क को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि राजदान टॉप पर करीब डेढ़ इंच ताजा बर्फबारी हुई है जिसके कारण सड़क पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि तुलैल समेत गुरेज घाटी के ऊंचाई वाले कुछ हिस्सों में भी ताजा बर्फबारी हुई है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry