पटना
बिहार में शराबबंदी को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमलावर रहती है। बीजेपी के कई बड़े नेता राज्य में शराबबंदी के फेल होने का दावा कर चुके हैं। हालांकि बीजेपी ने कभी भी राज्य में शराबबंदी को हटाने की मांग नहीं की है। बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने साफ कह दिया है कि उनकी पार्टी शराबबंदी हटाने के पक्ष में नहीं है। वहीं बिहार एनडीए के घटक दल हम प्रमुख जीतनराम मांझी ने सप्ताह भर पहले दावा करते हुए कहा था कि राज्य में हमारी सरकार बनी तो शराबबंदी को खत्म कर दिया जाएगा। शराबबंदी पर बीजेपी का बयान सामने आने के बाद अब जीतनराम मांझी ने कहा है कि भाजपा का अपना स्टैन्ड है, लेकिन हम बिहार में शराबबंदी नहीं रहने देंगे।
जीतनराम मांझी ने आगे कहा कि इससे गरीबों को नुकसान होता है। मांझी ने कहा कि थोड़ा भी शराब पीने पर उन्हें जेल में डाल दिया जाता है। पूर्व सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि रात में दस बजे के बाद लाख रुपये का शराब पुरुष और महिलायें पीती हैं, उनपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मांझी ने कहा है कि हम बिहार में शराबबंदी नहीं रहने देंगे, अगर रहेगा भी तो गुजरात पैटर्न पर इसे लागू किया जाएगा।
बता दें कि करीब एक सप्ताह पहले जीतनराम मांझी ने दावा करते हुए कहा था कि बिहार में हमारी सरकार बनने के बाद शराबबंदी हटा लिया जाएगा, जिसके बाद बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पूर्व सीएम के बयान को नकारते हुए कहा कि उनकी पार्टी शराबबंदी का समर्थन करती है। अगर उनकी सरकार आई तो शराबबंदी लागू रहेगी। गौरतलब है कि जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा बीजेपी नीत एनडीए में शामिल है। इससे पहले मांझी महागठबंधन में थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ रहते हुए भी वे शराबबंदी पर लगातार सवाल उठाते रहे। अब वे महागठबंधन से अलग हो गए हैं तो खुलकर शराबबंदी का विरोध कर रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

