भारतीय मिडफील्डर सलीमा टेटे ने कहा ओलंपिक क्वालीफायर हॉकी के लिए हमारी प्रतिबद्धता दिखाने का मौका

खेल

रांची
शीर्ष भारतीय मिडफील्डर सलीमा टेटे ने शनिवार को कहा कि 13 जनवरी से यहां शुरू होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर सिर्फ 2024 पेरिस खेलों के लिए कट हासिल करने के लिए नहीं है बल्कि महिला हॉकी टीम के लिए यह खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने का मौका भी है।

भारत सहित आठ टीम यहां पेरिस ओलंपिक के लिए दाव पर लगे तीन स्थान हासिल करने की कोशिश करेंगी जिसमें मेजबानों की भिड़ंत शुरूआती दिन अमेरिका से होगी। सलीमा टेटे ने हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति में कहा, ''रांची में यह टूर्नामेंट सिर्फ क्वालीफिकेशन के लिए ही नहीं है बल्कि यह उस खेल के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और जज्बे को दिखाने का मौका भी होगा जिसे हम पसंद करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ''हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं, उम्मीद है कि हम पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेंगे।’’

भारत को पूल बी में अमेरिका, न्यूजीलैंड और इटली के साथ रखा गया है जबकि पूल ए में जर्मनी, जापान, चिली और चेक गणराज्य की टीम हैं। भारतीय टीम हांगझोउ एशियाई खेलों के दौरान ओलंपिक के लिए स्वत: क्वालीफाई करने का मौका चूक गयी थी और यहां पेरिस के लिए कट हासिल करने का एक और प्रयास करेगी।

तोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम का हिस्सा रहीं 21 साल की खिलाड़ी ने कहा कि घरेलू मैदान पर दर्शकों के समर्थन से टीम को अपना लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।

झारखंड के सिमडेगा जिले की खिलाड़ी सलीमा ने कहा, ''रांची लौटना हमेशा ही घर वापसी जैसा लगता है। इस शहर का मेरे दिल में एक विशेष स्थान है, जहां हॉकी के प्रति मेरा लगाव बढ़ा और मैंने अपना कौशल निखारा।’’ उन्होंने कहा, ''दर्शकों का समर्थन और उनकी ऊर्जा शानदार है, उनके उत्साह से मैदान पर हमारा भी उत्साह बढ़ता है। हम मैदान पर दर्शकों के लिए ऐसा पल बनाने का प्रयास करेंगे जो वे संजोकर रखें।’’

भारतीय टीम ने साल के शुरू में रांची में ही महिलाओं की एशियाई चैम्पियंस ट्राफी हासिल की थी। भारत 14 जनवरी को न्यूजीलैंड से खेलेगा जबकि पूल के अंतिम मैच उसकी भिड़ंत 16 जनवरी को इटली से होगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry