चक्रवात के बनने से अरब सागर से नमी आने का सिलसिला, बादल छंटने से ठंड ने फिर पकड़ा जोर, नौगांव में पारा सात डिग्री पर

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल
राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात के बनने से अरब सागर से नमी आने का सिलसिला कम हो गया है। इस वजह से बादल छंटने लगे हैं और रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। उधर धूप निकलने से अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

नौगांव सबसे ठंडा
उधर रदेश में सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 8.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेश के 12 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

कम हुई नमी
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी प्रकाश ढवले ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इस चक्रवात से एक द्रोणिका भी संबद्ध है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। हवाओं में नमी कम होने के कारण बादल छंटने लगे हैं। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट होने लगी है।

बढ़ेगा दिन का तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अरब सागर पर चक्रवात अभी भी मौजूद है, लेकिन उसका असर अब मध्य प्रदेश पर नहीं है। इस वजह से आसमान साफ होने लगा है। धूप निकलने के कारण अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। हवाओं का रुख भी उत्तरी-पूर्वी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं से रात में सिहरन और बढ़ने की संभावना है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो दिन तक बना रह सकता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry