किशोर को मार डाला

राज्य

नई दिल्ली.
तिमारपुर इलाके में मंगलवार सुबह नाबालिगों ने 16 साल के किशोर को चाकू से गोद कर मार डाला। किशोर के शरीर पर चाकू से करीब 20 वार किए गए थे। अभी तक की जांच में महिला मित्र से बात करने पर हुए विवाद को कारण बताया जाता रहा है। पुलिस ने हमले के दौरान घायल एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

16 वर्षीय गोलू परिवार सहित संजय बस्ती में रहता था। वह मंगलवार सुबह करीब सात बजे टहलने के लिए निकला था। जवाहर मार्केट के पास बस्ती के चार-पांच किशोरों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। हालांकि किशोर ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस बीच बस्ती के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। एक हमलावर घायल होने की वजह से भाग नहीं पाया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। गोलू के पिता ने अन्य लोगों की मदद से दोनों घायलों को सेंट स्टीफेंस अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गोलू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इस बीच पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जांच अधिकारी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं घायल हमलावर भी अस्पताल में भर्ती है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलू के दोस्त एक किशोरी से बात करते थे। इसे लेकर हमलावरों से विवाद हो गया और करीब दो माह पहले गोलू ने इन्हें पीट दिया था। तब से हमलावर मौके की तलाश में थे। उन्होंने मंगलवार को घर से निकलते देखकर पीछा करना शुरू किया और हत्या कर दी।

अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग
वारदात के बाद झुग्गी के लोगों ने तिमारपुर थाने का घेराव कर दिया। वे हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि झुग्गी में अवैध कारोबार चलते हैं जिसकी वजह से अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने इन अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry