कोहरे और शीतलहर की मार के बीच होगी बारिश, मौसम का ट्रिपल अटैक

देश

नई दिल्ली.

उत्तर भारत के तमाम इलाकों में जनवरी के शुरुआती दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे, शीतलहर की मार के बीच बारिश ने कंपकपी और ज्यादा बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दोपहर के वक्त भी ठीक से धूप नहीं हो रही है। यूपी में आज भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। आगरा, इटावा, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा और उसके आसपास के इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा पड़ सकता है

इन जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। राज्य के पूर्वांचल वाले हिस्सों में भी ठंड से बुरा हाल है। आजमगढ़, मऊ, बलिया, बनारस समेत कई जिलों में कोहरे का प्रकोप है और सर्यू की रोशनी कभी-कभार ही नजर आ रही है। राजधानी दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गंभीर शीतलहर के बाद शनिवार को कुछ राहत जरूर मिली। हालांकि, आज सुबह से ही शीतलहर का अहसास हो रहा है। वीकेंड पर भी ज्यादातर लोग अपने घरों में हीटर जलाकर बैठे हुए हैं। मॉर्निंग वॉक पर भी कम ही लोग बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार को आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। अगले 5-6 दिन तक अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री के आसपास रह सकता है। राजधानी में 9 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अधिकारियों के मुताबिक, कोहरे के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और दिल्ली आने वाली 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

मध्य प्रदेश में कई जगहों पर वर्षा का अनुमान
मध्य प्रदेश में वर्षा और कोहरे के बीच कई दिनों से कड़ाके की ठंड जारी है। आज भी राज्य के शहडोल और जबलपुर संभाग में आने वाले जिलों में बारिश के आसार हैं। राजधानी भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग में आने वाले जिले में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिले में अनेक स्थानों पर और नर्मदापुरम व रीवा संभागों के जिलों में वर्षा दर्ज की गई। अशोक नगर, आगर, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर जिले में मध्यम से घना कोहरा देखा गया। प्रदेश की राजधानी में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और आकाश में बादल छाए रहे। यह स्थित अगले चौबीस घंटे के दौरान रहने की संभावना है।

राजस्थान और तेलंगाना में बारिश के आसार
राजस्थान में कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच बारिश को लेकर अलर्ट जारी हुआ है। राज्य में 7 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके चलते बदरा बरस सकते हैं। बीते दिनों झालावाड़ जिले में हल्की बारिश हुई थी और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबांदी देखी गई। वहीं, तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर 8 और 9 जनवरी को हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। राज्य के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, निर्मल, रंगारेड्डी, हैदराबाद, मेडचल मल्काजगिरी, विकाराबाद, संगारेड्डी और मेडक जिलों में अलग-अलग जगहों पर कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान और 10-13 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

डल झील के ऊपर बनी बर्फ की पतली परत
कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। डल झील और कश्मीर के दूसरे जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत बन गई है। शुक्रवार रात घाटी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। कश्मीर में फिलहाल 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि चिल्ला-ए-कलां चल रही है। इस अवधि में कड़ाके की ठंड पड़ती है और तापमान काफी गिर जाता है, जिससे जलाशयों के साथ ही पाइपों में भी पानी जम जाता है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और अधिकांश क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होती है। कश्मीर के अधिकांश मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों में भी दिसंबर अंत तक सामान्य से कम मात्रा में बर्फबारी हुई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry