21.8 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं, सबसे लंबे समुद्री पुल को बनाने में कितना आया खर्च

देश

नई दिल्ली
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के समुद्र पर बना भारत का सबसे लंबा पुल मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक बनकर तैयार है। 21.8 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। पुल का उद्घाटन शुक्रवार को तय है। इस पुल का नाम 'अटल सेतु' भी रखा गया है। इस पुल के निर्माण से घंटों की दूरी मिनटों में पूरी की जा सकती है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मानें तो इस पुल को 21,200 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।  

पीएम ने रखी थी आधारशिला
इस पुल को कनेक्टिविटी का नया चमत्कार बताया जा रहा है। इस पुल की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह पुल मुख्य मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जो राज्य के दो सबसे बड़े शहरों को जोड़ता है। पीएम मोदी ने दिसंबर 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। यह भारत का सबसे लंबा पुल और भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है।

21.8 किलोमीटर है लंबा
यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला पुल है, जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर लगभग 5.5 किमी है। यह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सीधा संपर्क प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा। इस पुल के जरिए मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच संपर्क में भी सुधार होगा।

दो पहिया वाहन की मनाही
इस पुल पर दो पहिया वाहन और ऑटो रिक्शा को ले जाने की अनुमति नहीं है। एक अधिकारी के मुताबिक, इस पर चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि मोटरबाइक, ऑटो रिक्शा और ट्रैक्टर को समुद्री पुल पर अनुमति नहीं दी जाएगी। कार, ​​टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनी बस और टू-एक्सल बस जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और पुल के चढ़ने और उतरने पर गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित रहेगी।

कितना वसूला जाएगा टोल टैक्स
महाराष्ट्र सरकार ने इस पुल के जरिए यात्रा करने वालों के लिए एक तरफा टोल के रूप में 250 रुपये वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले पर एक अधिकारी ने बताया कि जो राशि वसूली जा रही है, वह टोल कलेक्शन के मौजूदा नियमों के मुताबिक आधी ही है। एक यात्री कार से एक तरफ का टोल 250 रुपये लिया जाएगा, जबकि वापसी यात्रा के साथ-साथ रोजाना और लगातार यात्रा करने वालों के लिए शुल्क अलग होंगे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry