देश में कोरोना मरीजों की संख्या अब 2,059 हो गई, एक दिन में कोविड-19 के 290 नए मामले दर्ज, 6 मरीजों की मौत

देश

नई दिल्ली 
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 290 नए मामले दर्ज किए गए। देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या अब 2,059 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे में कोविड-19 के छह मरीजों की मौत हुई, जिनमें केरल के चार, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के एक-एक मरीज थे। पिछले साल पांच दिसंबर तक कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक आ गई थी, लेकिन वायरस के नये उपस्वरूप जेएन.1 तथा सर्दी के मौसम के कारण मामलों में बढ़ोतरी होनी शुरू हुई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पांच दिसंबर 2023 के बाद एक दिन में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 841 नये मामले 31 दिसंबर को दर्ज किये गये, जो मई 2021 में दर्ज सर्वाधिक मामलों का 0.2 प्रतिशत था। वायरस के उपचाराधीन मरीजों में से तकरीबन 92 प्रतिशत मरीज घर पर ही पृथक-वास में हैं।

सूत्रों ने कहा, ‘‘इस समय उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन.1' उपस्वरूप की वजह से न तो नये मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, न अस्पताल में भर्ती होने वालों संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है और न ही मृत्यु दर में वृद्धि हो रही है।'' देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति बेहद भयावह हो गई थी और उस दौरान सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के 4,14,188 नये मामले सामने आए थे और 3,915 मरीजों की मौत हुई थी। देश भर में 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्ष में कोरोना वायरस से करीब साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा इससे 5.3 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, अब तक संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक हो गई है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड-रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 220.67 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry