लंदन.
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेरेन गॉफ ने जेम्स एंडरसन की खेल के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रशंसा की है क्योंकि इस 41 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भारत में पांच टेस्ट मैचों की कठिन श्रृंखला से पहले अपने रन-अप में बदलाव किया है। लगभग तीन दशकों में इंग्लैंड के लिए किसी विदेशी टेस्ट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने जा रहे एंडरसन ने एक साक्षात्कार में कहा था कि वह गति और लय हासिल करने के लिए बेहतर रन-अप (गेंदबाज का गेंदबाजी के लिए दौड़कर आना) के साथ आ रहे हैं। पिछले साल घरेलू मैदान पर एशेज में लचर प्रदर्शन के बाद एंडरसन ने अपने एक्शन पर काम किया। एंडरसन तब चार टेस्ट मैचों में 85.40 की औसत से पांच विकेट ही ले पाए थे।
गॉफ ने 'आईन्यूज' से कहा, ''यह उसकी खेलना जारी रखने की इच्छा को दिखाता है। जब आप जिमी(एंडरसन) की तरह लंबे समय से कुछ कर रहे हैं, जब आप तेजी लना शुरू करते है, तो अधिक चोटों का जोखिम रहता है। पैर की मांसपेशियों में अधिक खिंचाव, पिंडली, ग्रोइन की चोट आदि।''
उन्होंने कहा, ''उम्मीद करते हैं कि ऐसा नहीं हो क्योंकि मुझे लगता है कि इस उम्र में भी वह प्रदर्शन कर सकता है। हर कोई उसकी उम्र के बारे में बात करता है लेकिन जिमी के साथ आपको उम्र को इससे दूर रखना होगा। अगर वह विकेट लेता रहता है तो वह खेलता रहेगा। अगर वह नहीं लेता है, तो वह नहीं खेलेगा। यह सामान्य सी बात है।''
एंडरसन भी अपने अब तक के सबसे लंबे ब्रेक के बाद वापसी करेंगे। उन्होंने पिछला टेस्ट पिछले साल जुलाई में ओवल में अंतिम एशेज मुकाबले के रूप में खेला था। एंडरसन ने भारत में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 13 मैच में 29.32 के औसत से 34 विकेट चटकाए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

