बीकानेर.
लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करने पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कार्यकर्ताओं की कम संख्या को देखकर शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत और देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग को जमकर लताड़ा। डोटासरा ने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी के बड़े कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते, पार्टी से उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि सूरज टॉकिज सिनेमा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और भंवर सिंह भाटी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कम भीड़ को देख डोटासरा उखड़ गए और उन्होंने जिला शहर व देहात दोनों अध्यक्षों बिशनाराम सियाग व यशपाल गहलोत को लताड़ लगाते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में जितनी संख्या आपको जुटानी थी, वो आप जुटा नहीं पाए। यह आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी व संगठन के लिए ठीक नहीं है। अगर कोई कार्यकर्ता काम नहीं कर सकते हैं तो किसी दूसरे को मौका दीजिए। उन्होंने कहा कि आपके जिले में विधानसभा की सात तथा लोकसभा की एक सीट है। अगर आप जिले के सभी कार्यकर्ताओं को यहां लाकर लोकसभा चुनाव के लिए संवाद करते तो एक अलग मैसेज जाता। लेकिन कार्यक्रम में संख्या बल की कमी हम सबके लिए सोचने वाली बात है। डोटासरा ने कहा कि भले ही यहां विधानसभा हार गए हों, लेकिन आगे लोकसभा चुनाव है और बीकानेर लोकसभा सीट पर हमेशा कांग्रेस मजबूत रही है। यहां जिला प्रमुख कांग्रेस का है, कई प्रधान कांग्रेस के हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे बीकानेर लोकसभा सीट कांग्रेस के पक्ष में करने के लिए अभी से जुट जाएं।
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा द्वारा कार्यक्रम में कम संख्या में पदाधिकारी पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए जब मंच से दोनों जिलाध्यक्षों की खिंचाई हो रही थी तो कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर डोटासरा की बात का समर्थन किया। बीच भाषण बोले, पहली बार किसी ने खरी-खरी बात की है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

