इस तरह की पिचों पर भारत को बेहतर प्रदर्शन करते देखा है- जहीर खान

खेल

राजकोट
 भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट श्रृंखला में भारत की लचर बल्लेबाजी की आलोचना करते हुए कहा कि यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के व्यक्तिगत प्रदर्शन से टीम दूसरे टेस्ट को जीतने में सफल रही।

जायसवाल और गिल ने जहां बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया वहीं जसप्रीत बुमराह ने मैच में नौ विकेट चटकाए जिससे भारत ने दूसरे टेस्ट को 106 रन से जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर की।

जहीर ने कहा, ''जब आप टीम को देखते हैं तो कुछ चिंताएं होती हैं – बल्लेबाजी एक ऐसी ही चीज है। हमने अतीत में इन परिस्थितियों में, इस तरह की पिचों पर भारत को बेहतर प्रदर्शन करते देखा है।''

उन्होंने कहा, ‘‘आप अगर इंग्लैंड की दूसरी पारी को देखेंगे तो सिर्फ एक बल्लेबाज अर्धशतक लगा पाया था फिर भी उनकी टीम 300 रन के करीब पहुंचने में सफल रही। समग्र प्रयास से ऐसे नतीजे आते हैं। हमने इस मैच में भारत की ओर से दो शानदार पारियां (जायसवाल और गिल) देखी है लेकिन बल्लेबाजी में अब भी काफी मेहनत करने की जरूरत है।''

राजकोट के एससीए स्टेडियम का नाम बदलकर निरंजन शाह स्टेडियम रखा जाएगा

राजकोट
 भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट से पहले सौराष्ट्र क्रिकेट संघ (एससीए) क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदलकर पूर्व प्रथम श्रेणी खिलाड़ी और वरिष्ठ प्रशासक निरंजन शाह के नाम पर रखा जाएगा।

एससीए की मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत और इंग्लैंड के बीच 15 फरवरी से यहां शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर खंडेरी स्थित स्टेडियम का नाम बदलकर निरंजन शाह स्टेडियम कर दिया जाएगा। अपने पहले मैच की मेजबानी के 11 साल बाद स्टेडियम के नये नाम का अनावरण बीसीसीआई सचिव जय शाह द्वारा किया जाएगा।

निरंजन ने 1960 के दशक के मध्य से 1970 के दशक के मध्य तक सौराष्ट्र के लिए 12 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। वह देश के सबसे वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासकों में से एक हैं और एससीए में लंबे समय से उनका प्रभाव जारी है। उनके बेटे और पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर जयदेव शाह स्थानीय क्रिकेट शासी निकाय के मौजूदा अध्यक्ष हैं। जयदेव ने सौराष्ट्र की कप्तानी भी की और आईपीएल में खेला है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry