नफरत फैलाने वाला एक काफिला है भारत जोड़ो न्याय यात्रा

छत्तीसगढ़ रायपुर

१६

रायपुर

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जिस भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर चल रहे हैं, दरअसल वह नफरत फैलाने वाला एक काफिला है। अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने अनेक बार समाज को तोड़ने, जाति-पंथ और सामाजिक सौहार्द्र में विष घोलने एवं पिछड़ा, गरीब, वंचित, शोषित वर्गों को नीचा दिखाया है। पिछड़ा वर्ग, विशेषकर तेली समाज के प्रति राहुल गांधी खुलेआम अपनी नफरत प्रदर्शित कर रहे हैं। राहुल गांधी द्वारा न्याय यात्रा के दौरान दिए गए आपत्तिजनक बयानों पर आज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबसे पहले 'सारे मोदी चोर' कहकर तेली समाज का अपमान किया जिसके लिए उन्हें सजा भी हुई। फिर उन्होंने कहा कि मोदी समाज सामान्य वर्ग में आता है। मोदी को पिछड़ा वर्ग का मानने से इंकार करते हुए उन्हें सामान्य वर्ग का बताने के बाद अभी जो ताजा नफरती बयान राहुल गांधी ने दिया है, उसमें उन्होंने कहा है कि मोदी चाय बेचें, देश न बेचें। इससे पिछड़ा वर्ग, खासकर तेली समाज के प्रति राहुल गांधी की घृणा का परिचय मिलता है। राहुल गांधी के बयानों के ये कुछ नमूने हैं, जिनसे यह एकदम स्पष्ट हो जाता है कि पिछड़ा वर्ग के प्रति राहुल गांधी के दिल-ओ-दिमाग में केवल, और केवल नफरत भरी पड़ी है और वे पिछड़ा वर्ग को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और विशेषकर तेली समाज को नीचा दिखाने का काम बार-बार करते हैं। दरअसल, राहुल गांधी यह बर्दाश्त ही नहीं कर पा रहे हैं कि देश में पिछड़ा वर्ग का एक योग्य नेता प्रधानमंत्री के पद को सुशोभित कर रहा है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को चाय बेचें, देश नहीं की नसीहत देने के पीछे राहुल गांधी की यह विकृत राजनीतिक सोच भी सामने आ गई है कि वह देशभर में चाय बेचने वालों को देश बेचने वाला बता रहे हैं। प्रधानमंत्री और तेली समाज के प्रति घृणा का परिचय देने वाले राहुल गांधी अब देश के गरीबी से जूझ रहे और मेहनत से स्वाभिमान से जीने का प्रयास कर रहे तमाम लोगों के प्रति भी अपनी नफरती सोच फैला रहे हैं, और उन्हें गाली देने का काम कर रहे हैं। जो संघर्ष करके अपने बेहतर जीवन की जद्दोजहद कर रहे हैं, उन गरीब शोषितों, वंचितों के प्रति राहुल गांधी घृणा का शर्मनाक प्रदर्शन कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इस नफरत भरे राजनीतिक आचरण की निंदा करते हुए दो टूक कहना चाहती है कि छत्तीसगढ़ समेत देशभर में निवासरत पिछड़ा वर्ग के नागरिक एवं देश के सभी चाय बेचने वाले स्वाभिमानी सम्माननीय जन राहुल गांधी व उनकी कांग्रेस पार्टी को इस बात के लिए कतई माफ नहीं करेंगे। पिछड़ा वर्ग, खासकर तेली समाज को लेकर राहुल गांधी के बयानों से समूचा देश शर्मसार है। पत्रकार वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव और प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी भी उपस्थित थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry