भाजपा नेता आशीष शेलार आज सुबह ही राज ठाकरे के आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंचे, भाजपा के साथ आने के कयास तेज

राजनीती

महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में भाजपा के साथ एनसीपी और शिवसेना हैं। दोनों ही पार्टियां बंट हुई हैं और उनके बड़े खेमों का साथ भाजपा को मिला है। इस बीच राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के साथ आ सकती है। भाजपा नेता और देवेंद्र फडणवीस के करीबी आशीष शेलार आज सुबह ही राज ठाकरे के आवास 'शिवतीर्थ' पहुंचे। इसके चलते कयास तेज हैं कि ठाकरे परिवार का एक हिस्सा भी भाजपा संग आ सकता है। यदि राज ठाकरे एनडीए में आए तो फिर मुंबई की कुछ सीटों पर थोड़ा फायदा हो सकता है। राज ठाकरे का प्रभाव क्षेत्र मुंबई ही है।

बीते कुछ महीनों से राज ठाकरे की एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस से करीबी भी देखी गई है। राज ठाकरे दोनों नेताओं से कई बार मिल चुके हैं। इसके अलावा कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता बाला नांदगांवकर और संदीप देशपांडे ने भी भाजपा के नेताओं से मुलाकात की थी। चर्चा यह भी है कि राज ठाकरे को भाजपा हाईकमान की ओर से दिल्ली बुलाया जा सकता है। हाल ही में राज ठाकरे की एनडीए में एंट्री को लेकर देवेंद्र फडणवीस से भी सवाल पूछा गया था। इस पर न तो उन्होंने इनकार किया और ना ही स्वीकार किया। उनके गोलमोल जवाब को भी एक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

बता दें कि महाराष्ट्र में एनडीए का कुनबा पहले ही काफी मजबूत है। करीब 40 विधायक लेकर अजित पवार की एनसीपी साथ है तो वहीं 39 विधायकों संग एकनाथ शिंदे भी एनडीए में हैं। अब कांग्रेस के अशोक चव्हाण तो खुद ही भाजपा में आ गए हैं और राज्यसभा का नामांकन भी दाखिल कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि राज ठाकरे की पार्टी एनडीए से दो लोकसभा सीटों की मांग कर रही है। वहीं भाजपा नेतृत्व एक सीट से ज्यादा पर सहमत नहीं है। माना जा रहा है कि एक सीट और विधानसभा में 3 या 4 सीटों को लेकर राज ठाकरे का समझौता हो सकता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry