भोपाल
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के कई सीनियर नेताओं को चुनाव मैदान में उतार दिया है। हालांकि पहली लिस्ट में मध्य प्रदेश की एक भी सीट के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही एमपी में उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो सकती है। वहीं, बीजेपी राज्य की 24 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में जिस तरह से सीनियर नेताओं को टिकट दिया है उसके बाद कहा जा रहा है कि टिकट वितरण का यह फॉर्म्यूला एमपी में भी लागू हो सकता है।
कांग्रेस की पहली लिस्ट में राहुल गांधी, भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू जैसे नेताओं का नाम है। इसके बाद अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि एमपी में भी कांग्रेस अपने सीनियर नेताओं को मैदान में उतार सकती है। हालांकि एमपी में कांग्रेस के कई सीनियर नेता चुनाव लड़ने से इंकार कर चुके हैं। दिग्विजय सिंह ने चुनाव लड़ने से इंकार किया है लेकिन उन्होंने पार्टी का आदेश मानने की बात कही है।
कमलनाथ ने बेटे का किया प्रोजेक्ट
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। कमल नाथ ने साफ शब्दों ने कहा है कि वह लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे नकुलनाथ ही लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं के नाम पर चर्चा की है। उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें भी हैं।
क्यों नहीं लड़ना चाहते हैं सीनियर?
दिग्विजय सिंह अभी राज्यसभा सांसद हैं। उनका करीब दो साल से ज्यादा का कार्यकाल बाकी है। दिग्विजय सिंह का गढ़ राजगढ़ लोकसभा सीट मानी जाती है। 2019 के चुनाव में दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन वह हार गए थे। सूत्रों का दावा है कि राजगढ़ लोकसभा सीट से दिग्विजय सिंह ने प्रियव्रत सिंह का नाम आगे बढ़ाया है। प्रियव्रत सिंह, दिग्विजय सिंह के करीबी हैं। प्रियव्रत सिंह इस बार खिलचीपुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं और कमलनाथ सरकार में मंत्री भी रहे हैं। वहीं, कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ को चुनाव लड़ाने की बात कह रहे हैं।
इन दिग्गजों पर भी दांव लगा सकती है कांग्रेस
सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस इस बार कई सीनियर नेताओं को लोकसभा चुनाव के मैदान में उतार सकती है। अजय सिंह राहुल भैया को सीधी या फिर सतना सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। वहीं, अरुण यादव का खंडवा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। जबकि जीतू पटवारी के भी लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। हालांकि जीतू पटवारी किस सीट से चुनाव लड़ेंगे यह अभी तय नहीं हुआ है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

