4 जून को आएंगे झारखंड लोकसभा चुनाव के नतीजे, प्रदेश की 14 सीटों पर चार चरणों में होगा मतदान

राज्य

रांची.

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। देशभर में 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। 4 जून को वोटों की गिनती होगी। झारखंड की बात करें तो यहां 14 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें पांच सीटें एसटी और एक सीट एससी के लिए आरक्षित है। झारखंड में कुल मिलाकर 2.54 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 22 लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

2019 लोकसभा चुनाव के नतीजे  
अब बात 2019 के लोकसभा चुनाव की करते हैं। 2019 में भी झांरखंड में चार चरणों में चुनाव हुआ था। उस दौरान भाजपा ने राज्य की 14 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी को एक सीट मिली थी। कांग्रेस और जेएमएम को एक-एक सीट मिली।

भाजपा कर चुकी है उम्मीदवारों की घोषणा
झारखंड में भाजपा ने 14 में से 11 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें से कांग्रेस छोड़कर आईं गीता कोड़ा, राज्यसभा सांसद समीर ओरांव, ताला मरांडी और मनीष जयसवाल नए उम्मीदवार हैं। अन्य सात उम्मीदवार अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से फिर से चुनाव लड़ेंगे। वहीं कांग्रेस ने अब तक झारखंड में एक भी सीट पर प्रत्याशी का एलान नहीं किया है। कांग्रेस, जेएमएम और अन्य दलों में सीट शेयरिंग को लेकर बात चल रही है।

कौन पड़ेगा किस पर भारी?
चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद झारखंड की सत्तारूढ़ झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ‘उनकी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है।’ यह भी कहा कि ‘झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव आयोग की एक टीम से झारखंड का दौरा करने और उनकी शिकायतें सुनने का अनुरोध किया था लेकिन ऐसा नहीं हो सका।’ झारखंड से भाजपा के राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि ‘भाजपा लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। पार्टी ने पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, लेकिन प्रतिद्वंद्वी दलों ने अभी तक सीटों के बंटवारे पर फैसला नहीं किया है।’

चार चरणों में होगा मतदान –
झारखंड में चौथे, पांचवे, छठवें और सातवें चरण में मतदान होगा।
चार लोकसभा सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में 13 मई को चौथे चरण में मतदान होगा।
20 मई को चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में पांचवे चरण का मतदान होगा।
गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में 25 मई को छठवें चरण में मतदान होगा।
राजमहल, दुमका और गोड्डा में 1 जून को सातवें चरण में मतदान होगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry