भोपाल
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तीसरी लिस्ट जल्द ही जारी हो सकती है और इस लिस्ट में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय (Digvijaya Singh) का नाम शामिल हो सकता है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस दिग्विजय सिंह को राजगढ़ सीट से प्रत्याशी बना सकती है।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के लिए लोकसभा प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया था। सूत्रों के मुताबिक, दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारों को लेकर भी सीईसी ने चर्चा की।
दिग्विजय सिंह गुना जिले के राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र से आते हैं, जो राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन 2004 से राजगढ़ सीट भाजपा का कब्जा रहा है। राजगढ़ सीट राजगढ़ और गुना जिले के अलावा आगर मालवा जिले के कुछ हिस्सों को भी कवर करती है।
गुना से अरुण यादव लड़ सकते हैं चुनाव
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने अरुण यादव को चुनावी मैदान में उतार सकती है। यह सीट सिंधिया परिवार का गढ़ रही है। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में सिंधिया ने इस सीट को गंवा दिया था। इस सीट से छह बार ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी और भाजपा की कद्दावर नेता विजया राजे सिंधिया ने और चार बार उनके पिता और कांग्रेस नेता माधवराव सिंधिया ने जीत दर्ज की थी।
मध्य प्रदेश में कब होगी वोटिंग
मध्य प्रदेश में चार चरणों में लोकसभा चुनाव संपन्न होगा। राज्य में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को वोटिंग होगी, जबकि 4 जून को चुनावी परिणाम सामने आएंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 29 में से 28 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि कांग्रेस एकमात्र छिंदवाड़ा सीट जीत पाई थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

