लोकसभा चुनाव में बीजेपी को घेरने के लिए कांग्रेस का अभियान, ‘मेरे विकास का दो हिसाब’

राजनीती

नई दिल्ली  
कांग्रेस ने उत्तराखंड लोकसभा चुनाव को लेकर ‘मेरे विकास का दो हिसाब’ अभियान शुरू करते हुए भाजपा पर भावनात्मक मुद्दों की आड़ में अपनी नाकामी छुपाने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन एवं संगठन मथुरादत्त जोशी ने यह अभियान शुरू करते हुए कहा कि पार्टी इसके जरिए चुनाव को फिर से जनमुद्दों की ओर मोड़ते हुए भाजपा सरकार से दस साल के विकास का हिसाब मांगेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोस चुनाव में विकास की बजाय भावनात्मक मुद्दों को उठाते हुए अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। लिहाजा, इसके जवाब में कांग्रेस ने जनता के सवालों को उठाने का निर्णय लिया है, ताकि आम लोग हकीकत जान सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले दस साल में कालेधन की वापसी और दो करोड़ नौकरी जैसे वादों को पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है। इसके मुकाबले कांग्रेस अपने अभियान के जरिए किसान, युवा, बेरोजगार, महिला, व्यापारी और छात्र हर वर्ग की आवाज उठा रही है।

जिसे देशभर में अपार समर्थन भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ठोस मुद्दों पर लड़ते हुए भाजपा के ‘चार सौ पार’ के नारे की हवा निकालने का काम करेगी। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रत्याशियों के जिम्मे
कांग्रेस का प्रचार अभियान पूरी तरह प्रत्याशियों के कंधों पर आ गया है। फिलहाल कोई भी केंद्रीय पदाधिकारी उत्तराखंड में चुनाव अभियान में सहयोग के लिए नहीं आ पाया है। ऐसे में प्रदेश के प्रमुख नेता भी फिलहाल अपनी-अपनी परंपरागत सीट तक सीमित हैं। इस कारण प्रत्याशी खुद नामांकन के साथ ही जनसम्पर्क कार्यक्रम तय करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बार प्रचार सामग्री भी सीधे ही प्रत्याशियों को मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के स्टार वार के जवाब में कांग्रेस प्रचार के अंतिम सप्ताह में ही बड़े नेताओं की दो से तीन जनसभा करवा सकती है।

अनैतिकता से राज करना चाहती है भाजपा प्रकाश
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व देश में अनैतिकता के साथ राज करना चाह रहा है। इसके लिए वह अपने तीन प्रमुख हथियार डीडी (डिमांड ड्राफ्ट), सीडी और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) का उपयोग कर रहा है।

हल्द्वानी में स्वराज आश्रम में शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रकाश जोशी ने कहा कि भाजपा ने 10 साल में अकूत संपत्ति जमा कर ली है। जबकि कांग्रेस के 60-65 साल के इतिहास में ऐसा कभी नहीं किया गया।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry