भाजपा ने हाशिए पर पड़े लोगों को आशा, आवाज़ दी : प्रधानमंत्री मोदी

देश

नई दिल्ली
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 55वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए शुक्रवार को कहा कि उनके त्याग एवं तप से भाजपा आज 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं एवं सपनों का प्रतीक बन गई है जिसे लोग 21वीं सदी में भारत के योग्य नेतृत्वकारी दल मानते हैं।

मोदी ने आज सुबह एक्स पर कई पोस्ट में स्थापना दिवस का संदेश दिया। उन्होंने कहा, "आज, भाजपा के स्थापना दिवस पर, मैं पूरे भारत के सभी साथी पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं। मैं उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों की कड़ी मेहनत, संघर्ष और बलिदान को भी बड़ी श्रद्धा के साथ याद करता हूं जिन्होंने वर्षों तक हमारी पार्टी का निर्माण किया। मैं बड़े विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हम भारत की पसंदीदा पार्टी हैं, जिसने हमेशा 'राष्ट्र प्रथम' के आदर्श वाक्य के साथ काम किया है।"

उन्होंने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि भाजपा ने अपने विकासोन्मुख दृष्टिकोण, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए अपनी पहचान बनाई है। हमारे कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित, हमारी पार्टी 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक है। भारत के युवा हमारी पार्टी को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखते हैं जो उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है और 21वीं सदी में भारत को नेतृत्व प्रदान कर सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चाहे केंद्र हो या राज्य, हमारी पार्टी ने सुशासन को नई परिभाषा दी है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने गरीबों और वंचितों को ताकत दी है। जो लोग दशकों तक हाशिये पर थे उन्हें हमारी पार्टी में एक आवाज़ और आशा मिली। हमने सर्वांगीण विकास प्रदान करने की दिशा में काम किया है जिससे प्रत्येक भारतीय के लिए 'जीवनयापन में आसानी' को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोट बैंक की राजनीति की संस्कृति से भी मुक्त किया है, जो देश पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वालों की पहचान थी। आज के भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन पर जोर दिया जा रहा है, जो यह सुनिश्चित करता है कि विकास का लाभ गरीबों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे।

मोदी ने कहा कि हमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का अभिन्न अंग होने पर भी गर्व है, जो राष्ट्रीय प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के बीच पूर्ण सामंजस्य प्रदर्शित करता है। राजग एक जीवंत गठबंधन है, जो भारत की विविधता को समाहित करता है। हम इस साझेदारी को संजोते हैं और मुझे यकीन है कि आने वाले समय में यह और भी मजबूत होगी।

भारत नई लोकसभा चुनने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे विश्वास है कि लोग हमें एक और कार्यकाल के लिए आशीर्वाद देंगे ताकि हम पिछले दशक में हासिल की गई जमीन पर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा, "मैं अपने सभी भाजपा और राजग कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं देता हूं क्योंकि वे लोगों के बीच काम कर रहे हैं और हमारे एजेंडे को विस्तार से बता रहे हैं।"

भाजपा की स्थापना 1980 में पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के नेताओं ने की थी। भारतीय जनसंघ ने आपातकाल के बाद 1977 के चुनावों में कांग्रेस से मुकाबला करने के लिए जनता पार्टी बनाने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ विलय कर लिया था। भाजपा ने 1984 में लड़े गए अपने पहले राष्ट्रीय चुनाव में केवल दो लोकसभा सीट जीती थीं।

बाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में यह पार्टी तेजी से मजबूत हुई और यह 90 के दशक में एक गठबंधन का नेतृत्व करते हुए सत्ता में आई। इसके बाद मोदी के नेतृत्व में 2014 में पार्टी को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला और फिर 2019 में उससे भी बड़ा जनादेश मिला।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry