सोनिया गांधी PM मोदी पर हमला बोलते हुए कहा- खुद को महान बताकर लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे PM मोदी

राजनीती

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे देश में सियासी पारा हाई है। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई दिग्गज नेता ताबड़तोड़ रैली कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता आज जयपुर पहुंचे हैं जहां पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र 'न्याय पत्र' लॉन्च किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा जयपुर में आयोजित रैली में शामिल हुए हैं। इस दौरान सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा,  विपक्षी नेताओं को बीजेपी में शामिल होने की धमकी दी जा रही है। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। हमारे संविधान को बदलने की साजिशें की जा रही हैं। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों से देश एक ऐसी सरकार के हाथों में है जिसने बेरोजगारी, मुद्रास्फीति, आर्थिक संकट और असमानता को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

तानाशाही का जवाब देंगे- सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा, आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट किया जा रहा है और हमारे संविधान को बदलने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, यह तानाशाही है और हम सभी इसका जवाब देंगे।

इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए दावा किया कि केंद्र में बीजेपी शासन के तहत विपक्ष पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा, बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और हर राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं। गरीबों और किसानों की सुनने वाला कोई नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा था,  हमने अपने घोषणापत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है। यह घोषणापत्र सिर्फ उन घोषणाओं की सूची नहीं है जिन्हें हम चुनाव के बाद भूल जाएंगे। यह उस देश की आवाज है जो न्याय चाहता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry