‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल पार्टियां भ्रष्टाचार में डूबी हुई हैं: नड्डा

राजनीती

चंडीगढ़.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे.पी. नड्डा ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए उसे “भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा” करार दिया और लोगों से कहा कि वे भाजपा को वोट दें ताकि देश प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे। हरियाणा के पंचकूला में एक रोडशो में नड्डा ने विपक्षी दलों पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।

नड्डा ने अंबाला से भाजपा के उम्मीदवार बंतो कटारिया के पक्ष में रोडशो करते हुए कहा,“मोदीजी कहते हैं कि भ्रष्टाचार मिटाओ, वे (विपक्षी दल) कहते हैं कि भ्रष्टाचार बचाओ और उन्हें फलने-फूलने दो।” नड्डा ने कहा, “कांग्रेस घोटालों की पार्टी है या नहीं। लालू (यादव) की पार्टी घोटाला करने वाली पार्टी है या नहीं। ममता (बनर्जी) ने घोटाले किये हैं या नहीं? द्रमुक का स्टालिन परिवार घोटाले में शामिल था या नहीं? के. कविता ने घोटाला किया है या नहीं? तो सारे भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है।” उन्होंने विपक्षी दलों पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्हें लोगों की कोई चिंता नहीं है।

नड्डा ने कहा, “फारूक अब्दुल्ला चाहते हैं कि उनका बेटा उमर मुख्यमंत्री बने। जब (पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह) बादल साहब वहां (जीवित) थे तो वह अपने बेटे सुखबीर (बादल) के लिए प्रयास करने में व्यस्त थे। चौटाला परिवार ने भी यही कोशिश की।”

उन्होंने कहा, “हर जगह आप एक ही चीज देखते हैं। मुलायम (सिंह यादव) के बाद, अखिलेश आए हैं… (बिहार में) अब तेजस्वी हैं, ममता (बनर्जी) (अपने भतीजे) अभिषेक को देखती हैं, केसीआर कविता को देखते हैं, शरद पवार सुप्रिया सुले को देखते हैं, उद्धव को आदित्य ठाकरे नजर आते हैं…वे सभी वंशवादी पार्टियां हैं।” उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए ‘‘हमें प्रधानमंत्री के हाथों को मजबूत करना होगा।’’

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry